कट्टरपंथी अफवाह से कराते हैं झगड़े : प्रो. जावेद
अलवर. पीस काउंट कार्यशाला में स्कैच बनाते प्रतिभागी।
अलवर | मांचगांव में चल रही पीस काउंट कार्यशाला के अंतिम दिन मंगलवार को प्रशिक्षक प्रो. जावेद ने कहा कि पूरी दुनिया में कट्टरपंथी लोग अफवाह गलत तथ्यों का प्रचार कर झगड़े फैलाने का काम करने में लगे हैं। आपसी या सामूहिक विवाद के दौरान निष्पक्ष रहना और धैर्य के साथ हल ढूंढना जरूरी है। लोग विवाद की स्थिति को बिना जाने ही एक पक्ष के साथ खड़े हा़े जाते हैं। इससे संकट बढ़ता है। कार्यशाला के दूसरे दिन युवाओं के साथ मन में जाति, धर्म भेदभाव को पहचानने तथा तनाव पैदा करने वाले तत्वों को पहचानने का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षक सज्जाद ने बताया कि सत्ता बनाए रखने या प्राप्त करने वाले समूहों का प्रयास रहता है कि शांति की स्थिति नहीं रहे और जनता सत्तापक्ष से भयभीत रहे। यहीं, झगड़ा पैदा करने का सबसे बड़ा हथियार है। दुनिया में सत्ता जनता को भयभीत करने में लगी है। कार्यशाला में आईटी कॉलेज के छात्र-छात्राओं के अलावा सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। समापन समारोह में डॉ. वीरेंद्र विद्रोही मौलाना हनीफ ने प्रतिभागियों को स्केच चित्र देकर सम्मानित किया।