भास्कर संवाददाता |अलवर
भास्कर संवाददाता |अलवर
भारतीयजनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा कि जिले की कार्यकारिणी जयपुर में जिलाध्यक्षों की बैठक में घोषित पंद्रह दिन की अवधि में बना दी जाएंगी। इसके लिए जिले की कोर कमेटी से विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यकारिणी की घोषित करने पर वहां मौजूद जिलाध्यक्ष पं. धर्मवीर शर्मा ने भी सहमति जता दी। प्रदेशाध्यक्ष परनामी जिलाध्यक्ष शर्मा की पुत्री की शादी में शामिल होने शुक्रवार को अलवर आए। उन्होंने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को लेकर भाजपा में फाड़ के सवाल पर उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल सभी के प्रेरणास्रोत रहे हैं। कार्यक्रम एक से अधिक भी हो सकते हैं। इसमें कोई विरोधाभास नहीं है। संगठन में सभी एक हैं। लेकिन भरतपुर में पं. दीनदयाल स्मृति संस्थान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री घनश्याम तिवाड़ी के शामिल होने के सवाल को वे टाल गए। कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की घोषणा से भाजपा की रणनीति के सवाल पर उन्होंने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। क्योंकि भाजपा के 80 लाख से अधिक नए सदस्यों से पार्टी का ग्राफ काफी बढ़ गया है।
भाजपाप्रदेशाध्यक्ष का किया स्वागत, तलवार भेंट की
भाजपाप्रदेशाध्यक्ष परनामी के सर्किट हाउस पहुंचते ही जिलाध्यक्ष पं. धर्मवीर शर्मा एवं नगर परिषद सभापति अशोक खन्ना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
वहीं भाजयुमो के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पं. जले सिंह ने प्रदेशाध्यक्ष को तलवार भेंट की। स्वागत करने वालों में शहर अध्यक्ष अशोक गुप्ता, पूर्व शहर अध्यक्ष घासीराम गुप्ता, शहर महामंत्री रामोतार शर्मा, प्रहलाद अग्रवाल, सतीश यादव, मनोज शर्मा, सुनील चौधरी आदि शामिल रहे।
घोषित 15 दिन की अवधि में ही बनेगी जिले की कार्यकारिणी : परनामी