अलवर। एक साल पूरा कर रही सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता ने तैयार कर दिया है। जनता के कानों में अब भी नेताओं के चुनावी वायदों की गूंज बरकरार है। हमारे विधायक कार्यकाल को संतोषजनक बता रहे हैं, जनता पुरानी समस्याओं से आज भी जूझ रही है। एमएलए स्कूल क्रमोन्नत करने की घोषणा, बिजली-पानी, सड़कों के हालात सुधरने की बात के साथ सुराज और सुशासन के दावे कर रहे हैं वहीं लोग अपनी पुरानी समस्याओं का स्थाई समाधान चाहते हैं। विकास के दावों के बीच चुनावी मुद्दों का सच कहीं दबा-दबा सा लग रहा है। आइए जानते हैं, विधानसभावार विकास की हकीकत का हाल इस एक साल में क्या रहा-
अलवर के विधायकों ने कहा-जो किया, वह एक साल में कम नही
विधानसभा : अलवर शहर विधायक : बनवारीलाल सिंघल
चुनावी घोषणा : यूनिवर्सिटी, शहर में अमन-चैन कायम के साथ बाइक चोरी पर पूर्ण विराम, पेयजल समस्या का निदान।
हकीकत : चोरों ने बाइक के साथ-साथ लाखों के जेवरात और नकदी साफ करना भी शुरू कर दिया है। चोरी की लगातार हो रही वारदातों से लोगों की नींद उड़ी हुई है।
यूनिवर्सिटी कागजों में तो बढ़ी है पर अभी तक स्थान को लेकर भी कुछ स्पष्ट नहीं है।
विधायक का दावा : कानून व्यवस्था में काफी हद तक सुधार हुआ है। 27 थ्री फेस बोरिंग स्वीकृत हो चुके हैं, इससे शहर की पेयजल समस्या का पूर्ण निदान हो जाएगा, पीएचईडी में संवेदनशील अधिकारियों की नियुक्ति कराकर पानी वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाया है। शहर की और बेहतरी के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
विधानसभा : किशनगढ़बास, विधायक : रामहेत सिंह यादव
चुनावी घोषणा : राजकीय महाविद्यालय, बालिका शिक्षा की उचित व्यवस्थान, खैरथल में बाईपास, कस्बे के अंदर की जर्जर हो चुकी सड़कों का निर्माण।
हकीकत : सभी समस्याएं यथावत हैं। राजकीय महाविद्यालय के लिए कोई प्रयास नहीं हुआ। बाईपास बनना आसान नहीं लग रहा है। जर्जर सड़कों का हाल भी पहले जैसा ही है।
विधायक का दावा : स्वीकृत होने के बाद निरस्त हुआ नगरपालिका दर्जा वापस बहाल कराया। बाईपास मामले में एनसीआर प्लानिंग बोर्ड में भिजवा दिया है। सड़कों के लिए दस करोड़ मिल चुके हैं, टेंडर हो गए हैं, जल्द काम शुरू होगा। डिग्री कालेज के लिए कुछ नहीं हो पाया लेकिन हमारे पास समय है जरूर बनवाएंगे।
विधानसभा : थानागाजी, विधायक(कैबिनेट मंत्री) हेमराज भड़ाना
चुनावी घोषणा : कृषि उपज मंडी, मंडी यार्ड, टहला घाट में सुरंग, सरिस्का मार्गदुरुस्त कराना, अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी पूरी होना।
हकीकत : सुरंग-मंडी बनी नहीं, राजगढ़ रोड की मरम्मत का काम चल रहा है, अस्पतालों में कमोबेश पहले जैसे ही हालात बने हुए हैं। सरिस्का को लेकर अब भी ग्रामीण एवं सरिस्का प्रशासन पशोपेश में है।
विधायक का दावा : गहलोत राज का एक दमनकारी फैसला सरिस्का में मवेशी प्रवेश, पेड़ काटने आदि पर 25 हजार का जुर्माना कैबिनेट की पहली बैठक में ही पांच सौ रुपए करा दिया ताकि गरीब पशुपालक को राहत मिल सके। राजगढ़ रोड सही करा रहे हैं। एक भी वायदा भूला नहीं हूं, सारे काम कराएंगे।
विधानसभा : अलवर ग्रामीण, विधायक : जयराम जाटव
चुनावी घोषणा : नटनी का बारा से जयसमदं बांध तक चैनल खुदाई, बहादुरपुर-भजेड़ा, कलसाडा से जुड़ी सड़कों का निर्माण, ग्रामीण बस सेवाओं में विस्तार।
हकीकत : चैनल खुदाई सहित सभी वायदे अधूरे। नए लिंक रोड, अस्पताल बने नहीं।
विधानसभा : रामगढ़, विधायक : ज्ञानदेव आहूजा
चुनावी घोषणा : कृषि उपज मंडी, राजकीय महाविद्यालय, औद्योगिक इकाइयों का निर्माण ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके।
हकीकत : कृषि उपज मंडी बनना मुश्किल लग रहा है। अपराधों में भी बढ़ोतरी हुई।
विधायक का दावा कोष के दो करोड़ की सबसे पहले अनुशंषा की है, मेवात विकास बोर्ड के तहत करीब 7 करोड़ से और विकास कराएंगे। सड़कों की स्थिति काफी सुधरी है।
विधानसभा : बहरोड़ : विधायक : डॉ. जसवंत सिंह यादव
चुनावी घोषणा : इकाइयों में क्षेत्र के अधिकतम युवाओं को रोजगार, डार्क जोन में बने ट्यूबवैल के बिजली कनेक्शन, कॉलेज में साइंस फेकल्टी, अस्पताल अपग्रेड हो।
हकीकत : रोजगार की समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। कालेज में विज्ञान संकाय खुलने के बजाय गेस्ट फैकल्टी भी बंद हो गई। सरकारी अस्पताल के बजाय प्राइवेट पर अधिक भरोसा।
विधायक का दावा: रोजगार के मामले में कुछ नहीं हो पाया, स्वीकार करता हूं। नब्बे फीसदी सड़कें दुरुस्त हो चुकी हैं, डार्क जोन में कनेक्शन पर सुप्रीम कोर्ट का बैन है तो क्या कर सकता हूं। कालेज समस्या इस बार दूर हो जाएगी।
विधानसभा : कठूमर विधानसभा : विधायक : मंगलराम कोल
चुनावी घोषणा : 62 गांवों में खारे पानी की समस्या का तुरंत समाधान, चंबल के पानी से पेयजल समस्या का स्थाई समाधान।
हकीकत : खारा पानी मीठा नहीं हुआ, चंबल पानी के लिए सर्वे हीं नहीं हुआ विधायक का दावा : 22 स्कूल क्रमोन्नत करा दिए, कार्यकर्ताओं की हर बात सुनता हूं। गांवों में आर.ओ लगाने पर उच्च स्तर पर विमर्श चल रहा है। अभी एक साल हुआ है सारे वादे पूरे करुंगा।
विधानसभा : मुंडावर, विधायक : धर्मपाल चौधरी
चुनावी घोषणा : औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय को रोजगार, बिजली, पानी, सड़क के साथ भाईचारे की भावना का विकास।
हकीकत : रोजगार मिला नहीं, चुनावी रंजिश को दूर करने की भी ठोस पहल नहीं।
विधायक का दावा : कुछ लोग जातिगत टकराव का अब भी प्रयास करते हैं। हम उनकी चाल को कामयाब नहीं होने देंगे। रही बात रोजगार की तो काफी युवाओं को रोजगार दिला रहे हैं।
विधानसभा तिजारा : विधायक : मामन सिंह यादव
चुनावी घोषणा : स्थानीय इकाइयों में रोजगार नहीं मिला तो संघर्ष करेंगे, खनन और अपराध पर जीरो टोलरेंस। अधिग्रहीत की गई जमीन का मुआवजा बढवाएंगे।
विधायक का दावा : सुबह पांच से रात 11 बजे तक जनता के लिए ही जुटा रहता हूं। खाना खाने का भी वक्त नहीं मिलता। जो भी युवा रोजगार के लिए आता है डिजायर लिख देता हूं। युवाओं के रोजगार और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास करता रहूंगा।
विधानसभा : बानसूर विधानसभा : विधायक : शकुंतला रावत
चुनावी घोषणा : राजकीय महाविद्यालय, सीएचसी को बड़े अस्पताल का दर्जा मिले।
हकीकत : विधायक कांग्रेस की हैं इसलिए दोनों ही घोषणाएं पूरी होती नहीं दिख रही। पिछले दिनों अपराध भी बढ़े।
विधायक का दावा : विकास के लिए मिली राशि छह महीने के भीतर ही अनुशंषा कर दी थी। राजकीय महाविद्यालय के लिए लगातार मांग उठा रही हूं, पूरी कराकर ही रहूंगी।
विधानसभा : राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ : विधायक : गोलमा देवी
चुनावी घोषणा : पानी की समस्या का समाधान, अधिक ट्रेनों का ठहराव, मार्बल, शैक्षणिक दृष्टि से पिछड़ापन दूर करने के प्रयास।
हकीकत : समस्याओं की छोड़िए विधायक बैठकों और क्षेत्र में दिखती ही नहीं।
विधायक का दावा : विधायक कोष का बजट सबसे पहले विकास कामों में लगाया है। सरकार विकास के कामों में भेदभावपूर्ण रवैया अपना रही है, हमारा विरोध जारी रहेगा