पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कांग्रेस की रेखा जिला प्रमुख, भाजपा में हुई जबरदस्त क्रास वोटिंग

कांग्रेस की रेखा जिला प्रमुख, भाजपा में हुई जबरदस्त क्रास वोटिंग

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अलवर। भाजपा के पास बहुमत से 4 सीटें ज्यादा होने के बावजूद कांग्रेस ने जिला प्रमुख की सीट अपने कब्जे में कर ली। कांग्रेस प्रत्याशी रेखा यादव एक वोट से जीत गई। कुल 49 वोटों में से रेखा यादव को 25 तथा भाजपा की अनुराधा शेखावत को 24 वोट मिले। भाजपा में जबरदस्त क्रास वोटिंग हुई।
भाजपा के 29, कांग्रेस के 19 एक कांग्रेस समर्थित निर्दलीय जिला परिषद सदस्य का चुनाव जीते थे। बहुमत के लिए 25 वोट चाहिए थे लेकिन क्रास वोटिंग होने से भाजपा प्रत्याशी 1 वोट से पिछड़ गई। परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा प्रत्याशी नाराज होकर मतगणना कक्ष से बाहर गई।
शेखावत समर्थकों को जब इसकी जानकारी मिली तो कुछ समर्थक रामगढ़ विधायक ज्ञानदेव आहूजा के साथ डीआरडीए भवन में प्रवेश कर गए लेकिन पुलिस ने उनको सीढिय़ों में ही रोक दिया। विधायक आहूजा काफी देर तक कलेक्टर से मिलने की मांग करते हुए पुलिस से उलझते रहे तथा आगे नहीं जाने देने पर सीढिय़ों में बैठ गए।

इसकीजानकारी होने के बाद कांग्रेस समर्थकों ने भी बाहर हल्ला शुरू कर दिया। एनएसयूआई पूर्व अध्यक्ष योगेश मेहता भी जबरन सीढिय़ों में चढ़ गए और विधायक को बाहर निकालने के लिए नारेबाजी करते हुए पुलिस से मांग करने लगे।
मतगणना स्थल से बाहर कांग्रेस समर्थकों ने भी दीवार फांदकर अंदर आने का प्रयास किया। इससे काफी तनावपूर्ण माहौल हो गया। एडीशनल एसपी पारस जैन ने विधायक आहूजा को नियमों का हवाला देकर वहां से बाहर कर दिया।

दूसरी ओर जिले की 14 पंचायत समितियों में से छह में भाजपा, छह में कांग्रेस तथा दो स्थानों पर निर्दलीय प्रधान बनने में कामयाब रहे हैं। जिले की बहरोड़, बानसूर, तिजारा, किशनगढ़बास, थानागाजी और मुंडावर में भाजपा तथा उमरैण, राजगढ़, रामगढ़, लक्ष्मणगढ़, रैणी और कठूमर में कांग्रेस प्रत्याशी प्रधान पद के लिए विजेता रहे हैं। कोटकासिम और नीमराना में निर्दलीय उम्मीदवार प्रधान बने हैं।
एक वोट जबरन कांग्रेस के खाते में : अनुराधा
परिणाम से असंतुष्ट भाजपा प्रत्याशी अनुराधा शेखावत ने एक वोट पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए री-काउंटिंग की मांग की। जिला कलेक्टर एम पी स्वामी ने शेखावत की मांग को खारिज कर दिया। शेखावत का आरोप था कि एक वोट पर मोहर ठीक से लगी हुई नहीं थी फिर भी उसे कांग्रेस प्रत्याशी के हक में मान लिया गया।

मतगणनातय प्रक्रिया से की गई : कलेक्टर
जिलानिर्वाचन अधिकारी एमपी स्वामी के अनुसार गिनती चुनाव आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही की गई है। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी को 25 तथा भाजपा को 24 वोट मिले हैं। भाजपा प्रत्याशी की शिकायत मिली है लेकिन नियमानुसार उनकी शिकायत वाजिब नहीं है फिर भी उनकी शिकायत से निर्वाचन आयोग को अवगत करा देंगे।