(रेलवे भर्ती बोर्ड भोपाल की फर्जी वेबसाइट)
भरतपुर. रेलवे भर्ती बोर्ड भोपाल की फर्जी वेबसाइट बनाकर बदमाशों ने 11 हजार 814 पदों पर भर्ती निकाल दी। जिले के सैंकड़ों युवाओं ने ऑनलाइन आवेदन भी भर दिए।
प्रत्येक आवेदन पर अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों से 500 आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों से 300 रुपए शुल्क लिया जा रहा है। रेलवे में ग्रुप डी के 8 हजार 814 सहित ग्रुप सी से जुड़े 3617 पदों की भर्ती निकालकर ऑनलाइन आवेदन भरे जा रहे हैं। इस वेबसाइट को रेलवे भर्ती बोर्ड भोपाल की असली वेबसाइट की तरह बनाया गया है।
जिले के सैकड़ों बेरोजगार युवाओं ने ऑनलाइन फार्म भी भर दिए। 22 दिन पहले ही इसके शहर के कियोस्क सेंटरों पर भर्ती संबंधी नोटिस चस्पा हुए थे। इसके बाद से ही फर्जी वेबसाइट पर युवा ऑनलाइन आवेदन करने पहुंचने लगे। शहर के प्रत्येक सायबर कैफे और कियोस्क सेंटर पर हर रोज औसतन 20 युवा फर्जी वेबसाइट पर ऑनलाइन फार्म भरने पहुंच रहे हैं।
इस फर्जी वेबसाइट का पता तब चला जब एक स्थानीय कियोस्क सेंटर पर कुछ युवा फार्म भरने पहुंचे। इन्होंने रेलवे की अधिकृत वेबसाइट खोली, लेकिन रिक्रूटमेंट का विज्ञापन नहीं था। इसमें टिकट कलेक्टर, खलासी, हेल्पर, ट्रैकमैन के पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन मंगवाए गए थे। सभी पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता केवल 10 वीं उत्तीर्ण है।
फर्जी वेबसाइट के माध्यम से पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत ग्रुप डी के तहत आने वाले ट्रैकमैन के 2876, हेल्पर 4082, खलासी 1239 सहित टिकट कलेक्टर के 3617 पदों की भर्ती निकालकर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। इन 11 हजार 814 पदों की भर्ती के लिए बाकायदा 10 अक्टूबर 2014 की शाम साढ़े पांच बजे तक अंतिम तिथि समय अंकित किया गया है।
आगे की स्लाइड में पढ़ें, रेलवे जारी कर चुका है नोटिस