- Hindi News
- अब थर्मल पावर प्लांट के लिए कोल लिंकेज की राह आसान
अब थर्मल पावर प्लांट के लिए कोल लिंकेज की राह आसान
सुप्रीमकोर्ट द्वारा कोल ब्लॉक्स के आवंटन निरस्त करने के बाद अब बांसवाड़ा जिले में प्रस्तावित दो सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट के लिए कोल लिंकेज की राह आसान हो जाएगी। गौरतलब है कि शहर से करीब 30 किमी दूर फेफर में 1320 मेगावाट क्षमता का सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट और दानपुर में पीपीपी मोड का 1320 मेगावाट क्षमता का थर्मल पावर प्लांट लगाया जाना प्रस्तावित है। ऐसे में अब तक कोल लिंकेज उपलब्ध नहीं होने से दानपुर में राज्य विद्युत प्रसारण निगम लि. द्वारा स्थापित किए जाने वाले थर्मल पावर प्लांट के लिए कोई भी कंपनी टेंडर प्रक्रिया में भाग नहीं ले रही थी। जबकि इस पावर प्लांट के लिए भूमि अवाप्ति की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। वहीं, फेफर में स्थापित होने वाले थर्मल पावर प्लांट की स्थापना राज्य विद्युत उत्पादन निगम लि. द्वारा किया जा रहा है। इन बिजलीघरों को कोयला दिलवाने के लिए नई ब्रॉडगेज रेलवे लाइन का निर्माण करवाने राज्य सरकार ने 1200 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। वहीं 1200 करोड़ रुपए रेलवे बोर्ड ने स्वीकृत किए हैं।
इस संबंध में एमओयू भी हो चुका है। इधर, ट्राइबल एरिया डवलपमेंट के अध्यक्ष और रेल लाओ अभियान के संयोजक गोपीराम अग्रवाल ने कोल ब्लॉक्स आवंटन को उचित निर्णय बताते हुए इसे आदिवासी क्षेत्र में पावर प्लांट और रेलवे ट्रैक निर्माण के संबंध में शुभसंकेत बताया।