हथियारों से लेस नकाबपोशों ने की डकैती
बांसवाड़ा|सल्लोपाट थानाक्षेत्र के हांडी गांव में बुधवार आधी रात को हथियारों से लेस नकाबपोश युवकों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया।
थाना प्रभारी कपिल पाटीदार ने बताया हांडी निवासी रतना पुत्र रंगलाल के घर हथियारों से लैस नकाबपोश रात करीब डेढ़ बजे दीवार से होकर छत पर चढ़े। आरोपियों ने पहले कमरे में सो रहे रतना के लड़के को धमकाया और वहां रखी तिजोरी और आलमारियां को खोल नकदी सहित जेवरात ले लिए। इसके बाद जब बाहर निकलने लगे तो उनके कदमों की आहट पाकर पास के कमरे में सो रहा रतना जाग गया और उसने चिल्लाना शुरू कर दिया। इस पर आरोपी रतना के कमरे की कुंडी बाहर से लगाकर फरार हो गए। सुबह वारदात की सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों का गुरुवार देर रात तक कोई सुराग नहीं लग पाया।