146 नर्सिंगकर्मियों को नियुक्ति के लिए करवाया 6 घंटे इंतजार
बांसवाड़ा| स्वास्थ्यविभाग में प्लेसमेंट एजेंसी और संविदा पर कार्यरत 181 नर्सिंगकर्मियों को बुधवार को नियुक्ति आदेश जारी किए गए। इसके बाद एमजी अस्पताल में दिनभर फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने की प्रक्रिया चली। यहां नर्सिंग अधीक्षक के चैंबर में ही दस्तावेज जांच करने से चैंबर के बाहर काफी भीड़ जमा हो गई। प्रवेशद्वार के पास ही भीड़ जमा होने से अस्पताल आने वाले मरीजों को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा जब नर्सिंगकर्मी सीएमएचओ कार्यालय में नियुक्ति ऑर्डर लेने के लिए पहुंचे तो वहां अव्यवस्थाओं के चलते 6 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के अध्यक्ष रकमचंद मईड़ा ने बताया कि नियुक्त आदेश के लिए नर्सिंगकर्मी सुबह 10.30 बजे सीएमएचओ कार्यालय पहुंच गए, लेकिन उन्हें नियुक्त आदेश शाम 6.30 बजे दिया गया। इसका कारण पूछने पर कार्यवाहक सीएमएचओ डॉ. रमेशचंद्र शर्मा ने बताया कि नियुक्ति आदेश 400 पेज का था। लाइट नहीं होने से 200 पेज की ही प्रिंट निकल पाई। इसके बाद उनकी ऑनलाइन एंट्री भी करनी थी। नियुक्ति टीम में एडीएम भी होते हैं, लेकिन वे नहीं थे इस पर कोषाधिकारी को भेजा गया। इस पूरी प्रक्रिया में समय लगा। 181 नर्सिंगकर्मियों में से 146 को नियुक्ति ऑर्डर दिए जा चुके हैं। शेष जिले से बाहर होने से अभी कार्यालय नहीं पहुंचे हैं।
नर्सिंग अधीक्षक के चैंबर के बाहर फिटनेस सर्टिफिकेट बनाने के लिए इंतजार करते नर्सिंगकर्मी।