पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कांग्रेस की संगीता त्रिवेदी बनी उपजिला प्रमुख

कांग्रेस की संगीता त्रिवेदी बनी उपजिला प्रमुख

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बांसवाड़ा। उप जिला प्रमुख के चुनाव में रविवार को कांग्रेस की संगीता त्रिवेदी चुन ली गई है। ऐसा पहली बार हुआ है कि जिला प्रमुख और उपजिला प्रमुख महिला बनी हैं। साथ ही सभी 11 पंचायत समितियों में भी उपप्रधान का निर्वाचन हो गया है। जिसमें 7 पंचायत समितियों में कांग्रेस, 3 में भाजपा और एक में निर्दलीय उपप्रधान बने।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि कांग्रेस की उम्मीदवार संगीता त्रिवेदी ने अपने निकटतम प्रत्याशी भाजपा के गोविंदसिंह राव को 11 वोटों से हराया है रविवार सुबह 10 से 11 बजे तक हुई नामांकन की प्रक्रिया के बाद दोपहर 3 बजे मतदान हुआ। संगीता त्रिवेदी को 21 और भाजपा के राव को 10 वोट मिले।

हरिदेव जोशी की प्रतिमा पर माल्यार्पण

चुनाव के बाद जिला प्रमुख रेशम मालवीया और उपजिला प्रमुख संगीता त्रिवेदी ने कलेक्ट्री परिसर में लगी पूर्व मुख्यमंत्री हरिदेव जोशी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यालय पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। महेंद्रजीत सिंह मालवीया, चांदमल जैन सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और नेता मौजूद थे।

तीन निर्दलीय की जमानत राशि जब्त

बांसवाड़ा. बांसवाड़ा पंचायत समिति के चुनाव लड़े अभ्यर्थियों को अपनी अमानत राशि आगामी 16 फरवरी तक तहसील कार्यालय प्राप्त करने के निर्देश दिए है। रिटर्निंग अधिकारी रुकमणि रियार ने बताया कि यदि उक्त अवधि तक अमानत राशि प्राप्त नहीं करने पर संबंधित अभ्यर्थियों की राशि राजकोष में जमा करा दी जाएगी।
दूसरी ओर तीन उम्मीदवार वार्ड संख्या 15 के सुनील कटारा, वार्ड संख्या 18 के शांतिलाल और वार्ड संख्या 20 के ललिता की अमानत राशि जब्त की गई हैं।

जिलाप्रमुख का बागीदौरा और बड़ोदिया में किया स्वागत

बागीदौरा. कस्बे में जिला प्रमुख बनने के बाद रेशम मालवीया के गृह विधानसभा मुख्यालय में आगमन पर स्वागत किया गया इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ग्रामीणों ने जिला प्रमुख को फूलमाला पहनाई जमकर आतिशबाजी की। इस दौरान विधायक महेंद्रजीतसिंह मालवीया, नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य निखिल पाटीदार, जिलाध्यक्ष चांदमल जैन, अक्षयराज पाटीदार सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बड़ोदिया. नवनिर्वाचित जिला प्रमुख रेशम मालवीया, विधायक महेन्द्रजीत सिंह मालवीया कांग्रेस जिलाध्यक्ष चांदमल जैन् का रविवार शाम को बड़ोदिया में स्वागत किया गया। इस दौरान बस स्टैंड से जुलूस निकाला गया।
जिला प्रमुख विधायक ने इस जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को दिया। इस अवसर पर रणछोड़ पटेल, सुरेशचंद्र जैन, जयंतीलाल खोड़णिया, अनिल शुक्ला, दीपक पानेरी, विकास जैन, मणिलाल कलाल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

बांसवाड़ा पंचायत समिति के भाजपा के बलवीर रावत उपप्रधान निर्वाचित किए गए है। भाजपा के बलवीर रावत, कांग्रेस की ओर से कल्पना ने उप प्रधान पद के लिए अपने-अपने नामांकन दाखिल किए। भाजपा के बलवीर रावत को 13 और कल्पना को 10 वोट मिले। तीन वोटों से रावत उपप्रधान का चुनाव जीत गए। इस अवसर पर विधायक धनसिंह रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष भगवतपुरी सहित कई भाजपाई मौजूद रहे।

आनंदपुरी. पंचायत समिति आनंदपुरी में रविवार को हुए चुनाव में बागीदौरा विधायक और कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्रजीतसिंह मालवीया के पुत्र प्रेमप्रताप मालवीया उपप्रधान चुने गए। उन्होंने भाजपा के नगेंद्र बामनिया को 18 वोटो से हराया।
प्रेमप्रताप के उपप्रधान बनने की घोषणा के बाद कांग्रेसियों ने जमकर आतिशबाजी की साथ ही कस्बे में विजयी जुलूस निकाला। इस अवसर पर प्रधान धर्मिष्ठा पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष हकरिया भाई, पूर्व प्रधान वेलजी डामोर, संतोष पटेल, हवजी मालवीया, रमेश कटारा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।

अरथूना. नई बनी पंचायत समिति अरथूना में आंजना निवासी शैलेंद्र शुक्ला उपप्रधान बने। उपप्रधान के चुनाव के दौरान शैलेंद्र को 11 और भाजपा के गणेशलाल को 6 वोट मिले। चुनाव अधिकारी तखतसिंह चूंडावत ने शुक्ला को पांच मतों से विजेता घोषित किया।
इसके बाद प्रधान, उपप्रधान पंचायत समिति सदस्यों का विजयी जुलूस निकाला गया। इसमें पूर्व विधायक कांता भील, ब्लॉक अध्यक्ष वासुदेव पाटीदार, जमनलाल भट्‌ट, गुलाबचंद देवड़िया, पूर्व प्रधान शंकरलाल सहित कई कांग्रेसी शामिल हुए।

सज्जनगढ़ में कांग्रेस का बोर्ड होने के बावजूद क्राॅस वोटिंग की वजह से निर्दलीय किशनलाल उपप्रधान बन गए। यहां पर कांग्रेस और भाजपा ने अपने अपने उम्मीदवार को उतारा था, साथ ही निर्दलीय चुनाव जीते किशनलाल भी मैदान में उतर गए।
मतदान के बाद कांग्रेस उम्मीदवार दिलीप को जहां 13 वोट मिलने थे, वहां केवल 4 वोट मिले। इसी तरह से भाजपा को यहां 4 वोट मिले और किशनलाल को 9 वोट मिले। इस तरह से क्राॅस वोटिंग होने की वजह से किशनलाल उपप्रधान बन गए।

कुशलगढ़. रविवार को हुए पंचायत समिति उप प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस समर्थित चंपादेवी ने भाजपा के धूलसिंह को 1 मत से पराजित किया।
निर्वाचन अधिकारी सत्यनारायण आमेटा ने बताया कि निर्धारित समय में चंपादेवी प|ी जालमसिंह भूरिया तथा भाजपा के धूलसिंह पुत्र जागू कटारा ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की जिसके चलते हुए मतदान में चंपादेवी को 9 तथा धूलसिंह को 8 मत प्राप्त हुए। कांग्रेसी कार्यकर्ताओ ने जमकर नारेबाजी करते हुए विजय जुलूस निकाला।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित प्रधान रमीला खडिया, निवर्तमान प्रधान हुरतिंग खडिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रजनीकांत खाबिया, नपा अध्यक्ष राघवेश चरपोटा, पूर्व नपा अध्यक्ष शांतिदेवी चरपोटा, जिला उपाध्यक्ष हंसमुखलाल सेठ,पोटलिया सरपंच छगन खडिया, पूर्व सरपंच थावरसिंह कटारा, रमेश तलेसरा आदि उपस्थित थे। जुलूस नारेबाजी के साथ मप्र के पूर्व मंत्री महेश जोशी के फार्म हाउस पहुंचा जहां नवनिर्वाचित उपप्रधान चंपादेवी ने जोशी से आशीर्वाद लिया।

तलवाड़ा. नवगठित पंचायत समिति तलवाड़ा में रविवार को हुए चुनाव में सुंदनपुर निवासी लोकेश जोशी को उपप्रधान निर्वाचित किया। इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी राजीव द्विवेदी ने शपथ दिलाई और प्रमाण-पत्र दिया। चुनाव में लोकेश जोशी को 11 और भाजपा के कचरूभाई जोशी को 6 वोट मिले।
इसके बाद लोकेश को उपप्रधान घोषित किया। उपप्रधान बनने के बाद जोशी ने स्वच्छता का संकल्प लिया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता कृष्णपालसिंह, जितेंद्र पंड्या, शाश्वत सहित कई कांग्रेसी मौजूद रहे। उपप्रधान बनने के बाद पहली बार अपने गांव पहुंचे लोकेश जोशी का माल्यार्पण कर और जुलूस निकालकर स्वागत किया।