- Hindi News
- पहले चेहते ठेकेदारों से करवाया काम अब पानी नहीं मिलने की शिकायत
पहले चेहते ठेकेदारों से करवाया काम अब पानी नहीं मिलने की शिकायत
बांसवाड़ा। माहीकी नहरों की मरम्मत के लिए गढ़ी उपखंड क्षेत्र में पहले चहेते ठेकेदारों से नहरों की मरम्मत का कार्य करवाया और अब तत्कालीन जनप्रतिनिधि अधिकारियों को ज्ञापन देकर नहरों के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचने की शिकायत कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों से राजनीतिक दलों के पदाधिकारी बतौर ठेकेदार माही परियोजना में काम करते रहे हैं।
जो माही परियोजना के अभियंताओं पर राजनीतिक दबाव डलवाकर येन-केन प्रकारेण काम तो स्वीकृत करवा लेते हैं, लेकिन एक भी काम तय समय सीमा में पूरा नहीं हो पाया है। काम देरी से और घटिया सामग्री से किए जाने से अब गरीब आदिवासी किसानों के खेतों में पानी नहीं पहुंचने के कारण फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है।
ऐसे में अपनी कमी और कमजोरी छुपाने के लिए अब तत्कालीन जनप्रतिनिधि गरीब किसानों को पानी मुहैया नहीं होने का मुद्दा बनाकर उनके रहनुमा बनने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि इन हालात के वे खुद जिम्मेदार हैं। यही नहीं पूर्व में स्वीकृत 64 करोड़ रुपए की राशि भी ये जनप्रतिनिधि माही परियोजना को पूरी नहीं दिलवा सके, जिससे आज भी ठेकेदारों की करोड़ों रुपए की बकाया राशि का भुगतान नहीं हो पाया है। ऐसे में किसानों के साथ ही ठेकेदारों के हितों पर भी कुठाराघात हो रहा है।