बांसवाड़ा. पश्चिम बंगाल से आकर यहां गैर कानूनी तरीके से अस्पताल चलाने का स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को फंडाफोड़ किया है। इस अस्पताल के संचालक ने स्थानीय स्तर पर राशन कार्ड - आधार कार्ड भी बनवा रख था।
सीएमएचओ (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी) डॉ. एचएल ताबियार ने आबापुरा थाने में बिना नाम का हाॅस्पिटल खोलकर गैरकानूनी ढंग से लोगों का उपचार करने के मामले में एफआईआर दर्ज करवाई। वहीं, एक नर्सिंग क्लिनिक संचालक के यहां दवा की बोटल पाए जाने पर उसे सिर्फ इंजेक्शन और पट्टी संंबंधी कार्य करने की हिदायत दी।
डॉ. ताबियार ने बताया कि वे चिकित्सा अधिकारियों के दल के साथ आबापुरा पहुंचे। जहां उन्होंने पं. बंगाल निवासी हरसिंह को बिना नाम का अस्पताल चलाते देखा। जहां पर ऐलोपैथिक दवाएं काफी मात्रा में मिली, जिनका उपयोग उपचार के लिए किया जा रहा था। उन्हें उस समय आश्चर्य हुआ कि बंगाल का होने के बावजूद हरसिंह का मतदाता पहचान पत्र और आधार कार्ड आबापुरा का बना हुआ है।
उन्होेंने आबापुरा पुलिस थाने में पहुंच कर अवैध रूप से चिकित्सा करने के मामले में हरसिंह के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाई। इससे पूर्व वे ऐसे ही चार मामलों की खुद जांच कर चुके हैं।