- Hindi News
- वार्ड को अपना घर समझें तो बने हमारा शहर सुंदर
वार्ड को अपना घर समझें तो बने हमारा शहर सुंदर
हमअपने घर को तो साफ-सुथरा रखना चाहते हैं, लेकिन घर के बाहर को सरकारी जगह मानते हैं। शहर के हर कोने को अपना घर समझें, पूरे शहर को हमारी अपनी अमानत समझें तो यहां का स्वरूप निखर सकता है। सब कुछ सरकार या नगर परिषद के ही जिम्मे नहीं है, हमें भी अपनी जिंदादिली और भागीदारी को दिखाने की जरूरत है, गलत का विरोध करें और शहर को स्वच्छ रखने में पहल करें तो बांसवाड़ा को क्लीन सिटी बनाया जा सकता है। यह विचार दैनिक भास्कर के वार्ड संख्या 35 से 40 तक के लिए रतलाम रोड स्थित अंकुर स्कूल में आयोजित रूबरू कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और संभागियों के बीच संवाद में उभरकर सामने आए।
गणमान्य नागरिकों और महिलाओं ने कहा कि अपनी नुमाइंदगी के लिए अच्छा व्यक्ति चुनने के लिए हमें स्वयं को जागरूक होना होगा। व्यक्तिवाद, वर्गवाद और समुदायवाद की सोच से ऊपर उठकर हमें नेता के रूप में सिर्फ योग्य, बल्कि ऐसे व्यक्ति का चुनाव करना होगा, जो हमें समय दे सके और हमारे क्षेत्र और सिस्टम का अच्छा जानकार भी हो। इस बार लोगों ने पॉलीथिन के उपयोग को लेकर भी जागरुकता का मुद्दा उठाया।
बांसवाड़ा . अंकुर स्कूल में रुबरु कार्यक्रम में मौजूद महिलाएं और पुरुष। सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के कई वार्ड के निवासियों ने काफी संख्या में शिरकत की और समस्याएं बताई।