बांसवाड़ा /माही डैम। पिछले दिनों निचला घंटाला में बालिका स्कूल की प्रधानाध्यापिका और उसी गांव की बॉयज स्कूल के शिक्षक के बीच हुए विवाद की जांच करने शनिवार को उपनिदेशक भरत मेहता बांसवाड़ा पहुंचे। उन्होंने दोनों स्कूलों के स्टाफ, छात्रों और कुछ ग्रामीणों से भी मुलाकात कर अपने स्तर पर बयान लिए। कुछ दिन पहले जनसुनवाई के दौरान बालिका स्कूल की प्रधानाध्यापिका ने शिक्षक सुरेंद्र शर्मा की शिकायत की थी। इस पर शिक्षक को एपीओ भी कर दिया।
मामला इतना बढ़ गया कि कुछ ग्रामीण भी शिक्षक के समर्थन में गए और उन्होंने कलेक्टर से प्रधानाध्यापिका के खिलाफ शिकायत की। मामला उपनिदेशक के पास पहुंचा, लेकिन प्रधानाध्यापिका ने कार्रवाई नहीं होते देख कोतवाली में शिक्षक के खिलाफ अभद्रता का मामला दर्ज करा लिया।
इस पर निदेशक ने उपनिदेशक को जांच कर रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए। जांच के दौरान एडीईओ मोहनलाल निनामा, बीईईओ शाहिद मोहम्मद, एबीईईओ नितिन त्रिवेदी,
साजिद खान आदि मौजूद थे।
''स्कूल में प्रधानाध्यापिका सहित अन्य शिक्षकों के भी बयान लिए गए है। इसी आधार पर रिपोर्ट तैयार होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।''
- भरत मेहता, उपनिदेशक,शिक्षा विभाग
माही डैम. निचलाघंटाला की स्कूल में शिक्षकों के बयान दर्ज करते शिक्षा उप निदेशक माध्यमिक और अन्य अधिकारी।