प्रशासन ने खराब कर दिए 16 कंप्यूटर
शिक्षाविभाग की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल नगर में स्थापित जिले के कंप्यूटर सेंटर के 14 कंप्यूटर प्रशासन ने खराब कर दिए। चुनाव के दौरान अधिकांश कंप्यूटरों को प्रशासन द्वारा सेवाएं ली गई थी। बाद में कंप्यूटर को वापस सेंटर पर रखवा दिया था। इस दैारान किसी कंप्यूटर की हार्ड डिस्क गायब कर दी, तो किसी की स्क्रीन खराब हो गई है। मामला प्रशासन से जुड़ा हुआ है, इसलिए विभाग की भी हिम्मत नहीं है कि खराब कंप्यूटर को लेकर प्रशासन से कहे या इसकी शिकायत कलेक्टर से करें। चर्चा यह है कि जो जैसे हैं, वैसे ही रहने दें। इस सेंटर पर कुल 40 कंप्यूटर सेट लगे हुए हैं। जिसमें से अभी 24 सेट ही चालू हालात हैं। दूसरी ओर विभाग द्वारा नियमित प्लानिंग के साथ उपयोग में नहीं लेे जाने की वजह से कंप्यूटरों का रखरखाव भी नहीं हो पाता है।
राउमावि नगर स्कूल परिसर में स्थित जिला कंप्यूटर सेंटर। जहां रखे कंप्यूटरों की हालत खराब है।
सेंटर चलाने के लिए बजट नहीं
दूसरीओर कंप्यूटर सेंटर का संचालन भले ही शिक्षा विभाग करता है, लेकिन इसके संचालन को लेकर कोई बजट नहीं है। यहां तक सेंटर जो बिल आता है, उसे भी विभाग मुख्यालय की ओर से स्कूल के बॉयज फंड से भरने के निर्देश होते हैं। अब तक चार से पांच बिलों का भुगतान भी बॉयज फंड से किया गया है। हालांकि कंप्यूटर सेंटर का संचालन स्ववित्त पोषित कार्यक्रम के तहत होता है। उसकी जो भी राशि आती है, उसका उपयोग देखरेख में किया जाना है, परंतु ऐसा होता नहीं है। एडीईओ मोहनलाल निनामा बताते हैं कि कंप्यूटर बजट को लेकर विभाग को पत्र लिखा गया है। हमने बजट की मांग कर रखी है।
यह होता है उपयोग
कंप्यूटरसे जुड़े तमाम प्रशिक्षण कार्यक्रम इसी सेंटर पर चलाए जाते हैं। इसके लिए विभाग ने एक संविदा पर अनुदेशक रखा है, जिसका मानदेय भी करीब एक साल से बकाया है। साथ ही विभाग के पास कंप्यूटर संचालन के लिए आवश्यक अनुदेशक और स्कूल में शिक्षकों को ट्रेनिंग देने की प्लानिंग नहीं होने की वजह से आम दिनों कंप्यूटर धूल फांकते हैं।