बांसवाड़ा. शहर के कागदी पिकअपवियर के पास खाखरा घाटी में एक स्विफ्ट कार स्कूल बस से टकरा गई। जिससे बस आगे से काफी क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान बस में सवार बच्चे बच गए। जानकारी के अनुसार शहर के एक स्कूल की बस दोपहर करीब 2 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को छोड़ने के लिए छोटी सरवन जा रही थी।
इस बीच एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार सामने से आई और बस से टकरा गई। हालांकि बस में किसी भी बच्चे को कोई चोट नहीं पहुंची। बस के चालक को पांव पर मामूली चोटें आई है। घायल चालक प्रकाश ने बताया कि कार गुजरात पासिंग की थी, जिसका नंबर जीजे 2 बीडी 9689 है। कार में सवार सभी युवक फरार हो गए है। वहीं एक युवक घनश्याम को इलाज के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोतवाली पुलिस ने कार और बस को जब्त कर लिया है। दुर्घटना के बाद कार में शराब की बोतलें भी मिली। जिससे ज्ञात होता है कि कार में सवार सभी लोग मनशे थे। जो तेज गति से आकर बस से टकरा गए। स्कूल संचालिका ने बताया कि बस में छात्रों को ले जाने के कारण उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी बसों में स्पीडोमीटर लगाए गए है। जिससे चालक चाहकर भी वाहन की स्पीड नहीं बढ़ा सकते। जिससे कहा जा सकता है कि बस की गति धीमी थी।
गुजरात राज्य में कई सालों से शराब पर प्रतिबंध होने से अधिकांश उस राज्य के लोग शराब पीने और मौजमस्ती करने राज्य की सीमा पर लगे डूंगरपुर, बांसवाड़ा, उदयपुर, माउंट आबू सहित दूसरे जिलों में आते है। जहां शराब पर कोई प्रतिबंध नहीं है। ऐसे में अधिकांश स्थिति में ऐसी दुर्घटना घटित होती है।