- Hindi News
- एमपी में पुलिस ने दबिश दी, तीन आरोपी फरार
एमपी में पुलिस ने दबिश दी, तीन आरोपी फरार
मोहकमपुरा| पाटनथाना अंतर्गत बड़ी सरवा कस्बे के मध्यप्रदेश की सीमा से सटे सेमलपाड़ा गांव में शनिवार रात को डकैती की वारदात को अंजाम देने हथियारों से लैस होकर मध्यप्रदेश के तीन आरोपी आए थे। इनमें से एक आरोपी को जाग होने पर दो युवाओं ने ग्रामीणों के सहयोग से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
वारदात करने से पूर्व आरोपियों ने गांव में ही पार्टी भी की थी। मामले में एसपी के निर्देश पर रविवार रात को बांसवाड़ा से आकर मोबाइल टीम ने पाटन एसएचओ राजेंद्रसिंह पीट के नेतृत्व में पूरे थाना क्षेत्र में गश्त की। पुलिस ने पकड़े गए एक आरोपी कल्याणपुरा थाना क्षेत्र के रामसिंह पुत्र टेटिया से पूछताछ की। इस पर उससे मिली जानकारी पर पाटन एसएचओ ने थाना क्षेत्र के सूचना सहायक श्यामलाल को साथ लेकर फरार आरोपी साड थाना कालीदेवी मध्यप्रदेश निवासी गुड्डू के घर पर दबिश दी, जहां से जानकारी में आया कि आरोपी गांव नहीं पहुंचा है। इस पर पुलिस ने काली देवी थाने से आरोपी गुड्डू के बारे में जानकारी ली। इसमें बताया गया कि गुड्डू शातिर अपराधी होकर लूट और डकैती की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। साथ ही वह थाना क्षेत्र का फरार वारंटी भी है, जिसकी वहां की पुलिस को भी तलाश है।