छींच (बांसवाड़ा). बांसवाड़ा से करीब 10 किमी दूर बोरखेड़ी गांव में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे एक कवेलू पॉश मकान में आग लग गई। जिससे मकान में मौजूद महिला की पूरी तरह से झुलसने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बोरखेड़ी निवासी रमेश डिंडोर के मकान में आग लग गई। जिससे पूरा घर ढह गया। इस दौरान घर में मौजूद 35 वर्षीय महिला कमला उर्फ केशु पत्नी रमेश डिंडोर का शरीर पूरा जल जाने से उसी दौरान मौत हो गई। साथ ही मकान ढह जाने से महिला मलबे के नीचे दब गई। जिसके बाद शव को बाहर निकाल कर उसे महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया। वहां शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
पति का टिफिन भी नहीं बना सकी
कमलाअपने पति के लिए खाना बना रही थी। उसका पति रमेश मिल में काम करता है जो नहाने गया था। उस दौरान कमला की साड़ी का हिस्सा आग से जल गया। जिससे पास में रखी घास भी संपर्क में गई। इसके बाद आग बढ़ गई और पूरा मकान जलकर राख हो गया। महिला बाहर भागती इससे पहले ही मकान ढह गया और वह मलबे में दब गई। महिला के 1 बच्चा और 4 बच्चियां भी है। जो घर के बाहर खेल रहे थे।
आग बुझाने में ग्रामीणों ने दिया सहयोग
कवेलूपॉश मकान में लगी आग की सूचना पुलिस को दी। जिस पर एसआई किशनलाल मय जाब्ते मौके पर पहुंचे। जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि घर की कोई भी वस्तु सुरक्षित नहीं बची। वहीं इसका असर आसपास के घरों में भी पड़ा। जिसके बाद मकान के मलबे को हटाकर कमला के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में लाया गया।