सभापति ने भाजपा पार्षद से कहा-गेट आउट
बांसवाड़ा| भाजपाबोर्ड को बने ढाई महीने बीत गए हैं, लेकिन अभी भी जनता से जुड़े काम होने की शुरुआत नहीं हो पाई है। पार्षद अपने गली-मोहल्लों से जुड़े काम के लिए नगर परिषद में जाते हैं, जहां उन्हें आश्वासन तो मिलते हैं, लेकिन काम नहीं हो पा रहे हैं।
भाजपा के पार्षद भूपेंद्र कुमार ने अपनी पार्टी के बोर्ड पर यह आरोप लगाया है। उन्होंने सभापति पर भी आरोप लगाया कि गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय में उन्होंने उनकी बेकद्री की। समस्या बताने और काम नहीं होने का उलाहना देने पर सभापति ने उन्हें-गेट आउट कह दिया। यह भी कहा कि वे चेयरमैन हैं और गेट आउट कर सकती हैं। इस बर्ताव के बाद पार्षद भूपेंद्र बाहर गए। मसला वार्ड नंबर 38 में शीतला माता मंदिर के पास-नगर स्कूल के पास पीपड़ के पेड़ का है। यह प्राचीन पेड़ सूख चुका है। पार्षद का कहना है कि पेड़ या उसके तने-डालियां कभी भी गिर सकते हैं और किसी की भी जान ले सकते हैं। इसके बारे में वे पहले भी सभापति को कह चुके हैं और उन्हें दो दिन में निर्णय करने का भरोसा दिया गया था, लेकिन नगर परिषद में कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। वे इस आशय की शिकायत पार्टी जिलाध्यक्ष से भी कर चुके हैं और वे भी सभापति को कह चुके हैं कि यह काम करवा दो, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। इस वार्ड में इस पेड़ को लेकर खतरा बना हुअा है।
पार्षदज्यादा उत्तेजित होकर बोल रहे थे: उपसभापति
उपसभापतिमहावीर बोहरा ने कहा कि वे इस दौरान मौजूद थे। पार्षद भूपेंद्र उत्तेजित होकर बोल गए थे और शालीनता से पेश नहीं रहे थे। इस पर उनसे कहा गया था कि यदि आप ऐसे ही बोलते हो तो बाहर चले जाओ। दूसरी ओर, पेड़ के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है, कटवा दिया जाएगा।