- Hindi News
- नगर परिषद ने रखवाए बड़े कचरा पात्र, दो बार होगी सफाई
नगर परिषद ने रखवाए बड़े कचरा-पात्र, दो बार होगी सफाई
शहरको साफ-सुथरा रखने के लिए भास्कर की ओर से चलाई गई मुहिम को खासा समर्थन मिला है। शहर के कई बाजारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बाहर कचरा-पात्र रख दिए गए हैं। कई जगह व्यापारी स्वयं इनकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सफाई नहीं होने पर शिकायत कर तत्काल निदान किया जाने लगा है।
नगर परिषद की ओर से गुरुवार को बाजारों में 25 बड़े कचरा-पात्र रखवा दिए गए हैं। आयुक्त ने कहा कि इनकी हर राेज दो बार सफाई की जाएगी, इसके लिए सफाईकर्मियों को पाबंद किया जा रहा है। इसके साथ ही शहर में व्यापारिक संगठन और स्वयंसेवी संस्थाएं आगे आई हैं। सेवाभावी नागरिक भी आगे बढ़कर आवश्यकतानुसार इन डस्टबिन को बांट रहे हैं और इसकी देखभाल की जिम्मेदारी तय कर दी गई हैं। नगर परिषद के आयुक्त मोहम्मद नसीम शेख ने गुरुवार को सभापति श्रीमती मंजुबाला पुरोहित और उपसभापति महावीर बोहरा से विचार-विमर्श कर कॉलेज रोड पर अंबामाता मंदिर से आगे, दाहोद रोड पर बाहुबली कॉलोनी मोड़ के बाहर सहित कई स्थानों पर बड़े कचरा-पात्र रखवाए हैं। इससे अब सड़क पर कचरा डालने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगा और घरों-दुकानों से निकलने वाला कचरा इन पात्रों में ही डाला जाएगा। अब शहर में दुकानों के आगे रखे कचरा पात्र से कचरा एकत्रित करवाने के लिए भी व्यवस्थित कार्रवाई प्रारंभ की गई है। उल्लेखनीय है कि लेबर नहीं मिलने के चलने नगर परिषद की ओर से बाजारों में इन पात्रों को रखवाने में देरी हो गई थी। पूर्व में नगर परिषद प्रशासन का कहना था कि बोर्ड की बैठक होने के बाद इनके बारे में निर्णय किया जाएगा, लेकिन भास्कर की मुहिम को मिले व्यापक समर्थन के बाद इन पात्रों को दफ्तर से बाहर निकाला गया।