बांसवाड़ा| देवस्थान विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अशोक शेखर ने गुरुवार को शक्तिपीठ त्रिपुरा सुंदरी मंदिर और घोटियाआंबाधाम का अवलोकन किया। शेखर ने घाटिया आंबा मन्दिर पर पहाड़ी क्षेत्र से आने वाले पत्थरों को रोकने के लिए पुख्ता कार्ययोजना बनाने को कहा है।
उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों से पूछा कि इन पत्थरों को कैसे रोकोगे, इस पर स्थायी काम होना चाहिए। लेकिन, इसका काम कौन कराएगा और जनता को राहत कैसे मिलेगी, इस बारे में अभी तय नहीं किया। इस मंदिर पर अगले महीने मेला भरने वाला है। धाम पर बनी गोशाला की मरम्मत कराने और रेस्ट हाउस के लिए तखमीना तैयार करने को कहा।
शेखर ने जिले के तीर्थस्थलों और मंदिरों को विकसित कराने के लिए मास्टर प्लान बनाकर भिजवाने को कहा। उन्हाेंने त्रिपुरा सुन्दरी मन्दिर में देवस्थान विभाग की ओर से कराए जा रहे जीर्णोद्धार के काम में क्वालिटी का ध्यान रखने को कहा।
साथ ही उन्होंने मंदिर के उत्तर दिशा के आसपास हो रही गंदगी को हटाने के लिए ट्रस्टी को निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित सहित देवस्थान विभाग उदयपुर के अधिकारी, पीडब्ल्यूडी के एक्सईन, जिला पर्यटन अधिकारी, मंदिर के ट्रस्टी साथ थे।