बांसवाड़ा. शहर की खांदू कॉलोनी के सेक्टर 4 में एक क्षतिग्रस्त पुल के बीच बोरवेल का ट्रक धंस गया, जिसे देररात तक नहीं निकाला जा सका। इसके चलते कॉलोनी की आवाजाही प्रभावित रही। घटना सोमवार दोपहर की है, जहां एक ट्रक बोरवेल खोदने के लिए सेक्टर 4 में गया। उसके बाद जब वह लौट रहा था तो बीच में पुल से गुजरते वक्त पूरा पुल टूट गया और ट्रक उसमें धंस गया।
पुल के सरिए अौर पिलर तक निकल गए। इस दौरान मौके पर क्षेत्रवासियों की भीड़ जमा हो गई। काफी प्रयास के बाद भी देररात तक ट्रक को बाहर नहीं निकाला जा सका।
इससे पूरा मार्ग जाम रहा। लोगों को अपने घरों तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटिया निर्माण से इस पुल के टूट जाने के बाद कॉलोनीवासियों में काफी आक्रोश व्याप्त है। इस कॉलोनी में जाने का यह एक मात्र रास्ता था।