चुनाव से पहले समेटने लगे काम
बांसवाड़ा| पंचायतीराजके चुनाव नजदीक आते ही ग्राम पंचायतों और पंचायत समितियों में मौजूदा प्रतिनिधि अपना-अपना कामकाज समेटने लगे हैं। कभी-भी इस चुनाव की अधिसूचना जारी हो सकती है। इसी वजह से मौजूदा सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य और प्रधान ने अपना काम पूरा करना प्रारंभ कर दिया है। साथ ही ग्राम पंचायत से लेकर पंचायत समिति के अफसरों को भी जिला परिषद ने अघोषित रूप से निर्देश दिए हैं कि बजट या वित्तीय मामलों से जुड़ा कोई भी प्रकरण शेष नहीं रहे। कुछ ही दिनों में आचार संहिता लागू होने वाली है, ऐसे में बकाया कामों पर रोक लग जाएगी। इसके बाद कोई भी काम नहीं हो पाएगा। जिला परिषद के सूत्रों ने बताया कि वित्तीय मामले, जैसे मनरेगा, कई निर्माण कार्यों की यूसी और सीसी रिपोर्ट, इंदिरा गांधी और बीपीएल आवास योजना के रिकार्ड के साथ ही ऐसे रिकार्ड होते हैं, जो ग्राम पंचायतों से जुड़े होते हैं। इन सभी मामलों को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि चुनाव आचार संहिता से पहले ही इनका निपटारा कर दिया जाए। ताकि बाद में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आए।