- Hindi News
- महालक्ष्मी के पाटोत्सव पर छींच में शोभायात्रा
महालक्ष्मी के पाटोत्सव पर छींच में शोभायात्रा
छींच| श्रीश्रीमाली ब्राह्मण समाज द्वारा माँ महालक्ष्मी पाटोत्सव मंगलवार को मनाया गया। इस अवसर पर कस्बे में धूमधाम के साथ शोभायात्रा निकाली गई। समाज अध्यक्ष मुकेश दवे ने बताया कि सुबह में श्री श्रीमाली नवयुवक मंडल द्वारा विधि-विधान से माता लक्ष्मी का श्री सूक्त पाठ के साथ अभिषेक किया गया।
श्रद्धालु माता बहिनों ने भजनों की प्रस्तुति दी। मध्यान्ह पश्चात माताजी की शोभायात्रा निकाली गई, जो गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुन: मंदिर परिसर में पहुंचकर धर्मसभा में परिवर्तित हो गई। धर्मसभा के दौरान गुरू आश्रम छींच के महंत घनश्यामदास महाराज ने कहा कि ब्राह्मणों का प्रमुख कर्तव्य शिक्षा का वातावरण पैदा करते हुए समाज में पनप रही कुरीतियों और बुराइयों का नाश करना है। आज भी ब्राह्मण समाज एक श्रेष्ठ मार्गदर्शक बनकर समाज और देश की सेवा में रत है। महंत ने माता लक्ष्मी की महिमा बताते हुए कहा कि माँ के वरदान स्वरूप हमें मनुष्य जीवन प्राप्त हुआ है अत: परहित के मार्ग को अपनाते हुए समाज की सेवा को सदैव तत्पर रहें। इस अवसर पर महंत घनश्यामदास के शिष्य रघुवीरदास महाराज भी उपस्थित थे, जिनका समाजजनों ने स्वागत किया। पाटोत्सव के अवसर पर बांसवाड़ा-डूंगरपुर दोनों जिलों के समाजजन उपस्थित थे। कार्यक्रम में वासुदेव व्यास, भूपेंद्र दवे, ब्रजमोहन पंड्या, मुकेश बोहरा का सहयोग रहा।