मोबाइल चार्ज पर लगाते ही करंट ने ली युवक की जान
भास्कर संवाददाता |बांसवाड़ा
वहतीन भाइयों में सबसे बड़ा और समझदार था। दो बच्चों और बीवी की खुशी के लिए दिनभर खेतों में मेहनत करता। यकीनन भौतिक सुख-सुविधाआें की घर में कमी थी, पर खुशियां अपार थी।
शनिवार को एक पल में इस परिवार की खुशियां तबाह हो गई। गांव में मातम छा गया। अपने मोबाइल को चार्जिंग पर लगाने के दौरान एकदम से करंट गया, जिससे इस घर का चिराग हमेशा के लिए शांत हो गया। यह हादसा शनिवार शाम आंबापुरा के झरनिया गांव में हुआ। डोडियार परिवार का रमेश (30) पुत्र किशोर डोडियार रोजाना की तरह अपने मोबाइल को चार्ज कर रहा था। घर में बच्चे और प|ी अपने-अपने कामों में व्यस्त थे कि अचानक रमेश की चीख आई। चंद सैकंड में ही रमेश गश खाकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों ने देखा कि रमेश को करंट लगा है। इस पर वह उसे तुरंत सरकारी एमजी अस्पताल में लेकर आए, लेकिन यहां डॉक्टरों ने जांच करते ही उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद भी परिजन इसी आस में रमेश के हाथ और पैर मसलते रहे कि शायद उसकी सांस फिर चल पड़े। बताया गया कि रमेश के एक बेटा और बेटी है। खेती का काम करते हुए वह घर का चला रहा था। अब उसकी मौत के बाद परिवार के पालन-पोषण की चिंता खड़ी हो गई है।
मोबाइल चार्ज करते समय यह रखें सावधानी
उपभोक्ताब्रांडेड कंपनी का चार्जर इस्तेमाल करें। जब मोबाइल चार्ज पर रखा हो, तब किसी से बात करें। इससे कालिंग के दौरान करंट लगने की आशंका बढ़ जाती है। कई बार लोग मोबाइल को रात में चार्ज पर रख सुबह निकालते हैं, ऐसा करने से भी बचें तो अच्छा है। रात में अगर शाॅर्ट सर्किट हो जाए तो आग खतरा बना रहता है। घंटों तक मोबाइल भी पिनअप में रहने से खराब होने की खतरा बढ़ जाता है। इससे अच्छा है कि जब मोबाइल चार्ज हो जाए तो उसे निकाल लिया जाए। मोबाइल विक्रेता यश भट्ट बताते हैं कि मोबाइल को ऊपरी जेब भी रखने से बचना चाहिए। कई बार मोबाइल बेटरी में ब्लास्ट की खबरें आती है। इससे अच्छा है कि मोबाइल को पेंट की जेब में रखें, ताकि अगर ऐसा हादसा हो भी जाए तो खतरा कम हो जाए।
जिले में पहले भी हो चुके हैं दो हादसे
मोबाइलचार्ज के दौरान करंट लगने से जिले में पिछले एक साल में दो युवकों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच जने गंभीर रूप से झुलस गए है। जानकारी के अनुसार उपखंड कुशलगढ़ और पंचायत समिति छोटी सरवन क्षेत्र में ऐसे हादसे हुए हैं। इसके विपरीत देहात में अब भी क्षेत्रवासी इससे सबक लेने को तैयार नहीं है और लापरवाही बरत जाते हैं।
करंट लगने से हुई युवक की मौत, मोबाइल चार्जिंग के दौरान बेटरी में विस्फोट हुआ था।