वाटर स्पोर्टिंग के स्थाई इंतजाम से मिलेगा पर्यटन को बढ़ावा
बांसवाड़ा। माहीमहोत्सव मनाए जाने के दौरान डायलाब तालाब में वाटर स्पोर्टिंग का विशेष रूप से इंतजाम किया जा रहा है। जहां फूड फेस्टिवल का आयोजन कर माही महोत्सव के मद्देनजर लोगों को मनोहारी जलाशयों पर सुविधा देने के प्रयास जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे हैं। यदि ऐसे इंतजाम माही महोत्सव के बाद भी बने रहें तो डायलाब और कागदी पिकअपवियर को महत्वपूर्ण पर्यटनस्थलों के रूप में विकसित किया जा सकता है।
पहले जब नौकायन का इंतजाम किया था, तब वहां अल्पाहार के लिए व्यवस्था नहीं होने और जरूरी सुविधाओं की कमी रहने से शहरवासी अपेक्षाकृत कम संख्या में आए, जिसके बाद कार्यकारी ठेकेदार फर्म ने हाथ खींच लिए। तालाब में सीवरेज का पानी मिलने से आए दिन गंदगी बढ़ने को नौकायन का ठेका लेने वाली कंपनी ने जिम्मेदार बताया, लेकिन यदि सही मायनों में शहर के आसपास के जलाशयों को पर्यटन विकास की दृष्टि से विकसित करना है तो इसके लिए धरातल पर योजना बनाकर सुनियोजित ढंग से काम करना होगा। तभी माही महोत्सव के बाद भी ये स्थल शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के अलावा पर्यटकों से आबाद रहेंगे।