इलाज का खर्च लेने के बाद भी सरकारी रुपए लेने के आरोप
शहरमें संचालित एक निजी हॉस्पिटल के मैनेजमेंट पर वनाला निवासी एक महिला ने भामाशाह कार्ड होने के बावजूद पीड़िता से बच्चेदानी के ऑपरेशन के रुपए लेने और बाद में कार्ड के नाम पर सरकारी रुपए उठाने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला इंदर गुर्जर ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन में बताया है कि वह भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना की लाभार्थी है और निजी हॉस्पिटल में बच्चेदानी के ऑपरेशन के लिए गई थी जब भर्ती किया, तब इस कार्ड के बारे में बताया।
हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने कहा कि योजना का लाभ मिल जाएगा और एक रुपए भी नहीं लगेगा। लेकिन, जब ऑपरेशन के बाद छुट्टी मिली, तब मैनेजमेंट ने ऑपरेशन के रुपए लिए, तब जाकर बाहर निकलने दिया। दूसरी ओर कार्ड की कॉपी भी रख ली और कार्ड के माध्यम से सरकारी योजना के तहत मिलने वाले रुपए भी हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने ले लिए। इस मामले में कलेक्टर से कार्रवाई करने की मांग की गई है।