पेन नंबर की अनिवार्यता को लेकर सर्राफा व्यापारी करेंगे विरोध
भास्कर संवाददाता | बांसवाड़ा
केंद्रसरकार द्वारा दो लाख या इससे अधिक की ज्वैलरी खरीदने पर ग्राहक का पेनकार्ड नंबर लेने की अनिवार्यता लागू की गई है। इसके विरोध में जिला सर्राफा संघ के पदाधिकारी और व्यापारी बुधवार सुबह विरोध जताएंगे और 11.30 बजे कलेक्टर को ज्ञापन देंगे।
संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप वाणावत ने बताया कि संघ की ओर से सर्राफा प्रतिष्ठान बंद नहीं रखे जाएंगे और इस संबंध में सिर्फ केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन भेजकर पेन नंबर की अनिवार्यता खत्म करने की मांग की जाएगी। वहीं, राजस्थान सर्राफा संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पवन कुमार जैन ने बताया कि बांसवाड़ा में एक साथ बड़ी मात्रा में आभूषणों की खरीदी नहीं हाेने के कारण व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद नहीं रखेंगे। वहीं दूसरी आेर डूंगरपुर में आधे दिन और सागवाड़ा में पूरे दिन प्रतिष्ठान बंद रखेंगे।