कुर्सियां भी ले गए, दुकानदार देखते रहे
बांसवाड़ा| नगरपरिषद की ओर से उदयपुर रोड पर अतिक्रमण हटाना दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। तीन गुमटियां और दो बड़े केबिन अतिक्रमण विरोधी दल ने हटाए। करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान कुछ जगह से दुकानों के बाहर रखी कुर्सियां भी कर्मचारी उठाकर ट्रैक्टर में डाल ले गए।
सोमवार से कलेक्टर के निर्देश पर उदयपुर मार्ग के अवरोधक हटाना प्रारंभ किया था। पहले दिन मोहन कॉलोनी चौराहे से लेकर नूतन स्कूल गेट तक मार्ग के दोनों आेर अतिक्रमण हटाए। मंगलवार को माही ऑफिस के गेट पर लगी दो गुमटियां और एक गली के अंदर रखी गई पीसीओ की गुमटी को जब्त किया गया। इसके साथ ही माही कॉलोनी के आखिरी छोर पर हाउसिंग बोर्ड सर्किल के कोने पर प्याऊ वाली गुमटी, दो केबिन को भी जब्त कर लिया गया। नगर परिषद के इंस्पेक्टर नरेश मेहता ने बताया कि मंगलवार की कार्रवाई के दौरान जो भी अतिक्रमण में आए है, वह सामग्री जब्त कर परिषद ले जाया गया है। इस दौरान निरीक्षण हेमंत भट्ट, जाहिद खान सहित परिषद की टीम साथ रही।
हिदायत- दुकानों के आगे पक्का निर्माण हटा लें
कुछदुकानदारों ने अपनी सीमा से आगे पक्का निर्माण कर ऊपर 3 से 5 फीट तक आगे की ओर छज्जा और छपरा निकाला हुआ है। इसको लेकर नगर परिषद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 2 दिन में इसे हटा लिया जाए अन्यथा पेनल्टी के साथ ही गिराकर जब्त किया जाएगा, क्योंकि नगर परिषद अधिनियम के तहत जब भी व्यावसायिक या भवन निर्माण की स्वीकृति होती है तो मुख्य द्वार से ढाई फीट तक ही आगे की अनुमति होती है। इसके बाद जो भी निर्माण किया जाता है, वह एक तरह से अवैध है।
बढ़भी सकती है पेनल्टी
जब्तशुदासामान छुड़ाने की 1000 रुपए तक की पैनल्टी रहती है। हालांकि इसमें अफसर और सभापति का हस्तक्षेप होता है। अफसर चाहे तो कम में ही सामग्री को छोड़ सकते हैं और चाहे तो ज्यादा पेनल्टी ली जा सकती है। इसके लिए संबंधित व्यक्ति को शपथ पत्र भी देना होगा। जिसमें यह बताना होगा कि भविष्य में दुबारा अतिक्रमण कर केबिन या सामग्री नहीं रखी जाएगी।
माही कॉलोनी के सामने सड़क से अतिक्रमण हटाकर सामान ले जाते कार्मिक।