फर्जी पट्टा प्रकरण का आरोपी पूर्व आयुक्त जोधाराम सस्पेंड
भास्कर संवाददाता | बाड़मेर
फर्जीपट्टा प्रकरण के आरोपी पूर्व आयुक्त जोधाराम विश्नोई को सस्पेंड कर दिया गया है। नागौर आयुक्त रहते 22 दिसंबर से विश्नोई बिना बताए फरार था। फर्जी पट्टा प्रकरण में विश्नोई का नाम सामने आने के बाद 48 दिनों से विश्नोई गायब है, इधर बाड़मेर, जोधपुर और नागौर पुलिस आयुक्त की तलाश कर रही है। सरकार की ओर से फर्जी पट्टा प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है।
बहुचर्चित फर्जी पट्टा प्रकरण का खुलासा दैनिक भास्कर ने किया था। अब तक फर्जी पट्टा प्रकरण में पूर्व आयुक्त समेत छह लोग सस्पेंड हो चुके है। पूर्व आयुक्त पर साइन स्केन करवाकर सरकारी जमीन पर पट्टे जारी करने, कार्मिकों के साथ मिलीभगत से भ्रष्टाचार को अंजाम देने, रिकार्ड जलाने की साजिश रचने सहित कई आरोप है। अतिरिक्त निदेशक संचिता विश्नोई ने बताया कि पूर्व आयुक्त को सस्पेंड कर दिया गया है। उनके खिलाफ जांच चल रही है और पिछले काफी समय से ड्यूटी से अनपस्थित है।
अबतक छह सस्पेंड
फर्जीपट्टा प्रकरण में तत्कालीन आयुक्त समेत छह लोग सस्पेंड हो चुके है। इसमें लिपिक योगेश आचार्य, जैसलमेर नगर परिषद एक्सईएन विनय बोड़ा, जेईएन पुरखाराम, लिपिक विशनचंद, मनोज कुमार सस्पेंड हो चुके है।