भीलवाड़ा. जिलापरिषद में उप जिला प्रमुख के पद पर बदनौर के रामचंद्र सेन निर्वाचित हुए हैं। सेन ने जिला परिषद के वार्ड नंबर 37 से चुनाव लड़ा था। वे वर्ष 2011 में व्याख्याता (हिंदी) पद से सेवानिवृत हुए थे। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. रविकुमार सुरपुर ने बताया कि उप जिला प्रमुख के पद पर भाजपा के रामचंद्र सेन को 28 तथा कांग्रेस के त्रिलोक भांबी को 9 वोट मिले।
रविवार को दोपहर बाद हुए मतदान में भाजपा के निर्वाचित जिला परिषद सदस्य बस में बैठकर जिला परिषद पहुंचे। उन्हें नवनिर्वाचित जिला प्रमुख पीरचंद सिंघवी, जिला महामंत्री प्रशांत मेवाड़ा अंदर ले गए। कांग्रेस की ओर से कार्यवाहक जिलाध्यक्ष दुर्गेश शर्मा के साथ आठ जिला परिषद सदस्य आए थे। कांग्रेस की सुमित्रा देरी से आई इस कारण सभी ने इंतजार किया। निर्वाचन के तुरंत बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने परिणाम की घोषणा कर उप जिला प्रमुख के पद पर शपथ दिलाई।
संघ से भी जुड़े हैं सेन
बदनौर निवासी 64 वर्षीय रामचंद्र सेन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़े हुए हैं। अभी बदनौर भाजपा इकाई में महामंत्री के साथ बदनौर में ही आदर्श विद्या मंदिर के सचिव भी हैं। उप जिला प्रमुख पद की शपथ लेने के बाद वे शहर में संघ कार्यालय गए इसके बाद सांसद सुभाष बहेड़िया से मिले।
दिलाई स्वच्छता की शपथ
जिलानिर्वाचन अधिकारी ने उप जिला प्रमुख रामचंद्र सेन को पद के साथ ही स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। पत्रकारों से बातचीत में सेन ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या समाधान के साथ भ्रष्टाचार को दूर करने के लिए गांवों में सिस्टम को बेहतर बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गांवों में युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए ऐसे कार्यक्रम चलाएंगे ताकि शिक्षित लोगों को मौका मिल सके।
उपजिला प्रमुख की वोटिंग के समय शहर कोतवाल नेमीचंद चौधरी द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं को बाहर जाने के लिए कहने पर हंगामा हो गया। इस पर जिला महामंत्री प्रशांत मेवाड़ा की कोतवाल से तकरार हो गई।
इस बीच कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष दुर्गेश शर्मा परिसर में चले गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध करते हुए कहा कि उन्हें ही क्यों हटाया जा रहा है जबकि कांग्रेस वाले अंदर जा रहे हैं। इस बात को लेकर जिला महामंत्री मेवाड़ा ने पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत की।