विज्ञान वाणिज्य कॉलेज का उद्घाटन आज
जिलेके सातवें गवर्नमेंट कॉलेज के रूप में बुधवार को नए विज्ञान एवं वाणिज्य कॉलेज का उद्घाटन किया जाएगा।
एमएलवी कॉलेज प्रशासन ने उद्घाटन की तैयारियां भी पूरी कर ली। उद्घाटन दोपहर 12:15 बजे शहर विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी फीता काटकर करेंगे। मंगलवार को पुराने लॉ कॉलेज की बिल्डिंग पर नए विज्ञान एवं वाणिज्य कॉलेज का नाम भी लिखवा दिया गया। यहां नए कॉलेज के नाम पर केवल लॉ कॉलेज की बिल्डिंग पर लिखा गया नाम ही नया होगा। बाकी कुछ भी नया नहीं है। अभी तक नए कॉलेज के लिए प्रिंसिपल और स्टाफ नहीं लगाया है। इसलिए एमएलवी कॉलेज का बंटवारा होकर सब कुछ यथावत ही चलेगा। सरकार जिले में एक कॉलेज बढ़ाकर अपनी एक साल की उपलब्धियों को गिनाना चाहती है। नए कॉलेज के लिए प्रिंसिपल स्टाफ की व्यवस्था बाद में की जाएगी। तब तक वर्तमान एमएलवी कॉलेज प्रशासन की देखरेख में ही कॉलेज चलेगा। गौरतलब है कि एमएलवी कॉलेज के विज्ञान वाणिज्य संकाय को अलग कर नया कॉलेज शुरू किया जा रहा है।