बाइक के टूल बॉक्स में रखे परीक्षार्थियों के मोबाइल पार
भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा
पुररोड पर प्रतापनगर सीनियर सैकंडरी स्कूल में शुक्रवार दोपहर परीक्षा देने गए आईटीआई के छात्रों की बाइक के टूल बॉक्स तोड़कर मोबाइल निकाल लिए। परीक्षार्थियों ने प्रतापनगर थाने में शिकायत दी।
उदलियास निवासी मुकेश शर्मा उसका साथी बेरा का संपत शर्मा आईटीआई में फिटर-टर्नर के प्रशिक्षु हैं। एक विषय में बैक रहने पर शुक्रवार को पुन:परीक्षा थी। कई अन्य छात्रों का भी यहां पर सेंटर था। अधिकांश ने अपने मोबाइल फोन बाइक के टूल बॉक्स में रखे थे। परीक्षा समाप्ति पर छात्र बाहर निकले तो स्कूल प्रांगण में खड़ी करीब एक दर्जन बाइक के टूल बॉक्स टूटे तथा उनमें रखे मोबाइल फोन नदारद थे। परीक्षार्थियों ने इसकी जानकारी स्कूल प्रबंधन को दी लेकिन शिकायत अनसुनी कर दी गई। इस पर मुकेश उसका साथी प्रतापनगर थाने पहुंचे तथा घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए चोरी शिकायत दी।
क्यों नहीं होते सुरक्षा इंतजाम
शहरके शिक्षण संस्थानों में परीक्षा देने आने वाले परीक्षार्थियों के साथ आए दिन ऐसी वारदात होती रही हैं। बावजूद इसके स्कूल या कॉलेज प्रशासन माकूल बंदोबस्त नहीं करते। इसके चलते चोर मौका देखकर वाहनों की डिग्गी से मोबाइल अन्य कीमती सामन पार कर लेते हैं।
पहले भी हो चुकी ऐसी वारदात
परीक्षादेने गए छात्रों के दो पहिया वाहनों की डिक्की टूल बॉक्स में से मोबाइल पार होने की घटना पूर्व में भी हो चुकी हैं। गत दिनों कृषि उपज मंडी के पास स्थित शिक्षण संस्थान में सीएस की परीक्षा देने गए छात्रों के वाहनों की डिक्की तोड़ चोर एक दर्जन से भी अधिक मोबाइल पार कर ले गए थे। इसकी जानकारी छात्रों ने सुभाषनगर थाने में दी, लेकिन अभी तक मोबाइल चोरों का सुराग नहीं लगा है।