शिविर में दी बैंक योजनाओं की जानकारी
बड़ौदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक ने तेजाजी चौक में लगाया वित्तीय साक्षरता शिविर
भास्करन्यूज | भीलवाड़ा
बड़ौदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की आजाद चौक शाखा द्वारा शनिवार सुबह तेजाजी चौक में वित्तीय साक्षरता शिविर लगाया गया। बैंक अधिकारियों ने आमजन को बैंक की विभिन्न जमा एवं ऋण योजनाओं की जानकारी दी। बचत का महत्व बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक पीयूष नाग ने शिविर में उपस्थित लोगों को बैंक की विभिन्न जमा एवं ऋण योजनाओं के साथ ही स्वयं सहायता समूह गठित करने की प्रक्रिया बताई। जन धन योजना एवं बैंक की बचत महोत्सव योजना में बीमा लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया। राष्ट्रीय पेंशन योजना की भी जानकारी दी। मुख्य अतिथि जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड एसके गुप्ता ने नाबार्ड की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही बचत का महत्व बताया। वित्तीय साक्षरता केंद्र पुर के प्रभारी रोशनलाल अग्रवाल ने संचालन किया। शिविर में वरिष्ठ शाखा प्रबंधक केके सोनी, क्षेत्रीय पार्षद उस्मान पठान सहित बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित थे।