- Hindi News
- हथियार बेचने पर पुत्र अवैध शराब रखने पर पिता गिरफ्तार
हथियार बेचने पर पुत्र अवैध शराब रखने पर पिता गिरफ्तार
प्रताप नगर पुलिस ने शुक्रवार शाम पिस्टल के साथ पकड़े गए हिस्ट्रीशीटर से पूछताछ के बाद हथियार सप्लाई करने के आरोप में अजमेर रोड स्थित एक रिसोर्ट के संचालक को गिरफ्तार कर लिया। सदर पुलिस ने रिसोर्ट संचालक के घर से अंग्रेजी शराब बीयर जब्त कर उसके पिता को भी गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी ज्योतिस्वरूप शर्मा ने बताया कि प्रताप नगर पुलिस को शुक्रवार शाम सूचना मिली कि पांसल चौराहे से सुखाडिय़ा सर्किल जाने वाली 100 फीट सड़क पर एक युवक वारदात की फिराक में घूम रहा है। उसके पास हथियार भी है। इस पर सब इंस्पेक्टर फूलचंद ने शाम 7.40 बजे वहां जाकर लेबर कॉलोनी निवासी छोटू उर्फ महेंद्र सिहं पुत्र तेजपाल सिंह राजपूत को पकड़ा। तलाशी में उसके पास एक पिस्टल चार जिंदा कारतूस मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। छोटू ने पूछताछ में बताया कि यह पिस्टल उसने पायल रिसोर्ट संचालक शक्तिसिंह पुत्र शंभुसिंह राजपूत से खरीदी थी। इस सूचना पर थाना प्रभारी रामावतार चौधरी सदर थाना प्रभारी पुष्पा कासौटिया ने शक्तिसिंह की तलाश में पायल रिसोर्ट रिसोर्ट परिसर स्थित घर पर रात साढ़े दस बजे दबिश दी। घर की तलाशी में 351 बीयर अंग्रेजी शराब के 48 पव्वे मिले। सदर थाना पुलिस ने शराब बरामद कर शंभुसिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। शंभुसिंह के खिलाफ अवैध रूप से शराब रखने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। बाद में पुलिस ने हथियार सप्लाई करने के आरोप में होटल संचालक शक्तिसिंह को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस शक्तिसिंह से पूछताछ कर रही है कि उसने हथियार कब, कहां और किससे खरीदे? इसके अलावा हथियार और लोगों को तो नहीं बेचे।
छोटू है थाने का हिस्ट्रीशीटर
सीआईरामावतार चौधरी ने बताया कि लेबर कॉलोनी निवासी छोटू प्रताप नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पूर्व में भी मामले दर्ज हैं।
40हजार में खरीदी पिस्टल
आरोपीछोटू ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया कि उसने पिस्टल तीन-चार दिन पहले ही पायल रिसोर्ट संचालक से 40 हजार रुपए में खरीदी थी। पुलिस काे आशंका है कि शक्तिसिंह ने और भी लोगों को हथियार बेचे हैं।