नप में आरएएस लगाने का प्रस्ताव
भीलवाड़ा. नगरपरिषद में कमिश्नर पद पर आरएएस अधिकारी लगाने की तैयारी है। कलेक्टर ने यह प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा है। कलेक्टर डॉ.रविकुमार सुरपुर ने बताया कि शहर में सीवरेज एवं ट्रीटमेंट प्लांट, अंडरग्राउंड पार्किंग सहित अन्य करोड़ों रुपए की विकास योजनाओं की तैयारी चल रही है। ऐसे में इन योजनाओं को तरीके से क्रियान्वित करने की जरूरत है। यह कार्य राजस्थान नगर पालिका सेवाओं के अधिकारी के बजाय आरएएस अधिकारी बेहतर तरीके से कर सकता है। इसी सोच से उन्होंने कार्मिक विभाग को आरएएस अधिकारी लगाने का प्रस्ताव भेजा है। इससे पहले भी दो आरएएस अधिकारी एचएल कुमावत सत्यप्रकाश को बतौर कमिश्नर लगाया गया। कमिश्नर रुस्तम अली शेख के रिटायर होने के बाद से इस पद का अतिरिक्त चार्ज अधिशासी अभियंता संजय माथुर के पास है।