नदी में डूबने से वृद्ध की मौत
त्रिवेणीचौराहा स्थित बनास नदी पुलिया के पास बुधवार सुबह वृद्ध की लाश पानी में तैरती मिली। बीगोद पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया, जिसकी शिनाख्त नंदराय चौराहा बीगोद निवासी रामलाल (50) पुत्र दुर्गालाल बारेठ में रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार नंदराय चौराहा बीगोद निवासी रामलाल पुत्र दुर्गालाल बारेठ मंगलवार दोपहर त्रिवेणी चौराहा के पास कीरों के खेतों में सिजारे पर बो रखी रबी फसल को देखने नदी किनारे महादेव जी के दर्शन की कह कर घर से निकला, जो रात में वापस नहीं लौटा। वृद्ध का बेटा बनवारीलाल शादी समारोह में बैंड बजाने गया, जो बुधवार को लौटा, जिसे घर पर पिता नहीं मिले। इसी दौरान सुबह राहगीरों ने त्रिवेणी पुलिया के नीचे भरे पानी में एक वृद्ध का औंधे मुंह तैरता शव देखा, जिसकी जानकारी बीगोद थाने में दी। एएसआई रामकुवांर ने शव को सीधा कर पहचान के लिए पूछताछ की तो उसकी पहचान नंदराय चौराहा बीगोद निवासी रामलाल बारेठ के रूप में हुई। घटना की जानकारी मृतक के बेटे बनवारीलाल को दी गई।
पुलिस ने बेटे की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज किया तथा जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। परिजनों ने भी वृद्ध की मौत पर कोई संदेह नहीं किया। पुलिस के अनुसार मृतक शराब पीने का आदी था, हो सकता है नशे की हालत में पुलिया से औंधे मुंह गिरने से उसकी मौत हुई हो।