पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जिप का बाबू घूस लेते गिरफ्तार

जिप का बाबू घूस लेते गिरफ्तार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भीलवाड़ा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की विशेष शाखा ने गुरुवार दोपहर ग्रामीण विकास विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी से एक हजार रुपए रिश्वत लेने के आरोप में जिला परिषद के वरिष्ठ लिपिक को गिरफ्तार किया। आरोपी ने रिश्वत राशि रिटायर्ड कर्मचारी की फिक्सेशन फाइल आगे भेजने के नाम पर जिला परिषद स्थित अपने कक्ष में ही ली थी।
एसीबी के एएसपी राजेश गुप्ता के अनुसार, भीलवाड़ा निवासी रिटायर्ड कर्मचारी सत्यनारायण बल्दवा के पेंशन केस का कोर्ट आदेश से 9, 18, 27 में फिक्सेशन होना था। जिसके लिए जिला परिषद को कार्रवाई कर फाइल कोर्ट में भेजनी थी। यह फाइल जिला परिषद के वरिष्ठ लिपिक आरके कॉलोनी निवासी अमरचंद पुत्र उगमी नुवाल के पास थी, जिसने इसे आगे भिजवाने की एवज में परिवादी बल्दवा से एक हजार रुपए मांगे। जिसकी शिकायत बल्दवा ने बुधवार को एसीबी की विशेष शाखा में की।
एसीबी ने बुधवार को ही शिकायत का सत्यापन कराया। गुरुवार सुबह परिवादी बल्दवा को बुलाया तथा एक हजार रुपए देकर जिला परिषद भेजा। दोपहर में बल्दवा जिला परिषद में वरिष्ठ लिपिक अमरचंद के पास पहुंचे तथा उसे रिश्वत राशि दी। नुवाल ने रुपए लेकर अपनी जेब में रख लिए। वरिष्ठ लिपिक के रुपए लेते ही परिवादी ने एसीबी टीम को इशारा किया, जिसने रिश्वत लेने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर रिश्वत राशि बरामद कर ली।

एक साल से रोक रखी थी फाइल : एएसपी का कहना है कि रिटायर्ड कर्मचारी सत्यनारायण की फिक्सेशन फाइल को वरिष्ठ लिपिक ने करीब एक साल से रोक रखा था। जिला परिषद के अन्य अधिकारियों ने अपना काम पूरा कर दिया, लेकिन वरिष्ठ लिपिक ने फाइल रोक रखी थी। जिसे भेजने के लिए परिवादी ने कई बार वरिष्ठ लिपिक से कहा, लेकिन उसके नहीं मानने पर रिटायर्ड कर्मचारी को एसीबी के पास पहुंचना पड़ा।

घर की सर्च में मिले 1.40 लाख : गुप्ता ने बताया कि जिला परिषद में कार्रवाई के बाद एसीबी टीम अमरचंद के आरसी व्यास कॉलोनी स्थित घर पहुंची तथा वहां सर्च की। तलाशी में घर में कोई कीमती सामान नहीं मिला। वहां 1 लाख 40 हजार रुपए मिले, जिसके बारे में पूछताछ करने पर बताया गया कि यह राशि जिस घर में वह रह रहा है, उसके बेचान की है। घर के बेचान के डॉक्यूमेंट नहीं होने से एसीबी ने राशि जब्त कर ली।