भीलवाड़ा। प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी का मिशन स्वच्छ भारत सप्ताह अभियान सरकार ने 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाने के निर्देश दिए हैं। शुरुआत जनसंघ संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय जयंती से और समापन गांधी जयंती पर। जिले में यह 5 दिन पहले 21 सितंबर से शुरू होगा। वजह है, इस बीच पड़ रही नवरात्र। स्कूल-कॉलेज और सरकारी छुट्टियां। प्रशासन हर हाल में मोदी मिशन को सफल बनाना चाहता है, इसलिए जिले में अभियान 11 दिन चलेगा। यह निर्णय कार्यवाहक कलेक्टर गिरिराज कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में लिया गया।
वर्मा बोले-हर गली-मोहल्ले, गांव-शहर, सरकारी दफ्तर, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, स्कूल-अस्पताल सबको स्वच्छ बनाना है। दो दिन में पूरा कार्यक्रम बनाएं। काम ऐसा हो कि पूरे राज्य में भीलवाड़ा मॉडल बने। हालांकि अलग से कोई बजट नहीं है। एसडीएम अविचल चतुर्वेदी ने कहा-शुरुआत अपने दफ्तर से करें। हम भी श्रमदान करें तभी जनता जुड़ेगी। बैठक में सभी एसडीएम, नप/नपा अधिकारी, यूआईटी सहित सभी अधिकारी थे।
क्या है अभियान : प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से दिए भाषण में स्वच्छता को अहम एजेंडा बताया था। उन्होंने कहा था कि उनका मिशन है 2 अक्टूबर 2019 तक जन सहभागिता से स्वच्छ भारत बनाना। इसके लिए सरकार स्वच्छ भारत सप्ताह मना रही है।
ये होंगे काम :
- गली-मोहल्लों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पार्क, बाजार, सार्वजनिक शौचालय आदि की सफाई मरम्मत
- नदी-तालाबों, सरकारी भवनों की सफाई। कबाड़ हटाना।
- कचरा-मलबा रोड साइड में डालना।
- व्यस्त बाजारों में रात में भी सफाई।
-घर, दुकान, होटल, ढाबे वालों को कचरा पात्र में कचरा डालने को पाबंद करना।
- मैनहोल की मरम्मत, मूत्रालय-शौचालय बनाना।
- स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था।
- पेयजल पाइप लाइन लीकेज सर्वे।
- बस स्टैंड आदि सार्वजनिक जगह लगे पोस्टर, बैनर आदि हटाना।
- प्लास्टिक डिस्पोजल कप-ग्लास का उपयोग रोकना।
यूं बनाएंगे जिला स्वच्छ : जिप सीईओ रामपाल शर्मा ने बताया कि स्टूडेंट्स ग्रामीणों की रैली-प्रभातफेरी निकालेंगे। कला जत्था कार्यक्रम होंगे। ग्रामसभा, पंचायत, पंस जिप की विशेष बैठकें होंगी। गांवों में नारे लिखवाएंगे। मोहल्ला सभा कर स्वच्छता का संदेश देंगे। शिक्षाप्रद सामग्री बांटेंगे। दो स्वच्छता रथ पूरे जिले में घूमेंगे।
कौन करेगा काम : पटवारी,ग्राम सचिव, एएनएम, ग्राम साथिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, साक्षरता प्रेरक, नगर निकाय, संबंधित विभाग। एनजीओ, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के लिए गुरुवार को मीटिंग करके जिला प्रशासन ने लिया निर्णय।