भीलवाड़ा. बापूनगर में एक साइकिल दुकान पर रसद विभाग की टीम ने सोमवार को छापामार कार्रवाई की। वहां से 13 गैस सिलेंडर तथा 4 रिफिलिंग मशीनें जब्त की हैं। यह सामान कारों में अवैध रूप से रसोई गैस रिफिलिंग करने में काम आते हैं।
जिला रसद अधिकारी लोकेश कुमार गौतम ने बताया कि घरेलू रसोई गैस कारों में रिफिलिंग करने की कई दिन से शिकायतें मिल रही थी। सोमवार दोपहर 3 बजे प्रवर्तन अधिकारी रवि जाधव के नेतृत्व में बापूनगर में श्री साइकिल स्टोर पर टीम भेजी गई। टीम ने वहां जांच की। कारों में गैस भरने वाली दो मशीन, एक से दूसरे सिलेंडर में गैस भरने वाले 2 रिफिलर, 14.200 किलो वाले 7 घरेलू एलपीजी सिलेंडर, 21 किलो वाले दो व्यवसायिक गैस सिलेंडर तथा 4 किलो वाले 7 सिलेंडर मिले। सभी सिलेंडर में लगभग 11 किलो गैस मिली।
दुकानदार बापूनगर के प्रकाश पुत्र ओंकारलाल
सोनी से पूछताछ भी की। मौका-पर्चा बनाया। जाधव, प्रवर्तन निरीक्षक मिट्ठनलाल चौधरी राहुल माथुर की टीम ने सभी सामान जब्त कर लिया। जाधव ने बताया कि यह सामान कारों में गैस रिफिलिंग के काम आता है। दुकानदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 तथा एलपीजी ऑर्डर 2000 के तहत कलेक्टर कोर्ट में प्रकरण दर्ज करवाया जाएगा।
रसोई गैस का दुरुपयोग
केंद्र सरकार घरेलू रसोई गैस पर सब्सिडी देती है। यह सिलेंडर 398 रुपए में आता है। व्यवसायिक गैस का सिलेंडर दुगुने से ज्यादा महंगा। यही वजह है कि लोग कारों में घरेलू रसोई गैस का उपयोग बेरोकटोक कर रहे हैं।
कई जगह यह कारोबार
शहर में सांगानेरी गेट, कोटा रोड, बापूनगर, अजमेर रोड सहित कई जगह घरेलू रसोई गैस की कारों में रिफिलिंग का कारोबार चल रहा है। यह गैरकानूनी तो ही है, साथ ही जानलेवा भी है। कभी भी कोई दुर्घटना भी हो सकती है।