पीटीआई को थप्पड़ मारा, एचएम सस्पेंड
भीलवाड़ा. शहर के राउप्रावि कांवाखेड़ा के एचएम भैरूलाल जैन को पीटीआई प्रेमकुमार व्यास से मारपीट के मामले में सस्पेंड कर दिया है। डीईओ प्रारंभिक प्रथम जीवराज जाट ने बताया कि शनिवार को स्कूल में हुई इस घटना के संबंध में पीटीआई व्यास ने एचएम के खिलाफ रिपोर्ट दी है। पीटीआई को थप्पड़ मारने के मामले में सोमवार को लोगों ने प्रदर्शन किया।
डीईओ ने बताया कि कार्यवाहक कलेक्टर गिरिराज कुमार वर्मा के निर्देश पर एचएम जैन को सस्पेंड कर उपनिदेशक कार्यालय अजमेर के लिए रिलीव कर दिया। पीटीआई से मारपीट के विरोध में जिलेभर के शारीरिक शिक्षकों ने भी कलेक्टर को ज्ञापन दिया था। गौरतलब है कि शनिवार को स्कूल में एचएम पीटीआई में बच्चों से खेलकूद प्रतियोगिता के नाम पर पैसे लेने के मामले में बहस हो गई थी। इस दौरान एचएम ने पीटीआई को थप्पड़ मार दिया। डीईओ ने बताया कि सरस्वती जागा को कार्यवाहक एचएम का चार्ज दिया है।
सहाड़ा बीईईओ को सौंपी जांच
डीईओने बताया कि सुवाणा बीईईओ की जगह सहाड़ा बीईईओ राजेश शर्मा को इस मामले की जांच सौंपी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोगों ने बताया कि पोषाहार के लिए मूंगफली तेल के बिल लगा रखे हैं जबकि सोयाबीन काम में आता है। फल-फ्रूट के नाम पर भी केवल खानापूर्ति होती थी। इस मामले में जांच के लिए एएओ को भी शामिल किया जाएगा।
पूर्व में भी हो चुके हैं सस्पेंड
कांवाखेड़ा स्कूल के एचएम जैन को पहले भी पोषाहार में गड़बड़ी के मामले में सस्पेंड किया था। उस समय ये पुर स्कूल में थे। उस समय भी अजमेर रिलीव किया परंतु ये शहर के स्कूल में गए। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि पोषाहार में इतनी कंजूसी होती थी कि बच्चे घर से टिफिन भी ले जाते थे।