इस चांद-तारा झूले की शर्त यह है कि डरना मना है
भीलवाड़ा | भास्करट्रेड फेयर में मंगलवार को पहली बार महाराष्ट्र के लोकप्रिय झूले की उपस्थिति ने लोगों को रोमांचित कर दिया। यह झूला नाव के झूले की शक्ल में है लेकिन इस पर बैठने वालों की सीट ऊपर जाकर रिवाल्विंग बन कर 360 डिग्री में झटके से घूम जाती है। इसमें हौसले वाले ही झूल सकते हैं। मंगलवार को युवाओं ने इसमें थोड़ी हिम्मत दिखाई लेकिन महिलाएं तो इसे देखकर ही अचंभा करने लगीं। मंगलवार को मेले में वूलन कारपेट, कश्मीरी शॉल, खादी के कुर्ते और चाट पकौड़ी की स्टालों पर भीड़ रही। नसीराबाद के कचौड़े और अजमेर की कढ़ी-कचौरी और गोलगप्पे के स्वाद ने महिलाओं को लुभाया। मंगलवार को मेले में आए अतिथियों में केशव पोरवाल अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. नरेश पोरवाल, सिद्धि विनायक अस्पताल के निदेशक डॉ. दुष्यंत शर्मा डॉ. रेखा शर्मा स्विफ्ट कॉलेज की डायरेक्टर अपर्णा श्यामसुखा सहित नगर परिषद के पूर्व सभापति दिनेश शर्मा ने भगवान गणेश की आरती की। इस मौके पर अतिथियों ने कई स्टाल्स का भी भ्रमण किया। डॉक्टर अतिथियों ने सुरक्षा के उपकरणों में रुचि दिखाई। उल्लेखनीय है कि चित्रकूट धाम में ट्रेड फेयर 14 फरवरी तक चलेगा।
मंगलवार शाम गणेश प्रतिमा की आरती करते अतिथि।
भीलवाड़ा. चित्रकूट नगर में मेगा ट्रेड फेयर परिसर में लगा चांद-तारा झूला।