सिर में गोली मारकर की थी ट्रेलर ड्राइवर की हत्या
भीलवाड़ा| अजमेर-चित्तौड़हाईवे पर हजारी खेड़ा के पास सोमवार शाम खड़े ट्रेलर में जिस ड्राइवर की लाश मिली थी, उसके सिर में गोली मारकर हत्या की गई थी। इसका मंगलवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ। मंगलवार को भी पुर थाना पुलिस एफएसएल टीम ने सबूत उठाए हैं। इधर, पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। ट्रेलर ड्राइवर मांगू बैरवा निवासी भिनाय (अजमेर) की हत्या के मामले की जांच के लिए पुलिस ने दो टीमें बनाई हैं। सोमवार शाम को खड़े ट्रेलर में ड्राइवर मांगू की खून से सनी लाश मिली थी। वह वापी (गुजरात) से जयपुर के लिए केबल भरकर रवाना हुआ था।
कंपनी को जब ट्रेलर के 17 घंटे से हजारी खेड़ा के पास ही खड़ा होने की लोकेशन पता चली तो गड़बड़ी की आशंका होने पर कंपनी ने भीलवाड़ा में एसवीएलएल कंपनी के मैनेजर को सूचना दी थी।