- Hindi News
- होटल में दबिश देकर 11 लाख का सट्टा पकड़ा, दो गिरफ्तार
होटल में दबिश देकर 11 लाख का सट्टा पकड़ा, दो गिरफ्तार
गांधीनगरस्थित एक होटल में रविवार देर रात क्रिकेट पर सट्टा लगाते प्रतापनगर थाना पुलिस ने दो जनों को गिरफ्तार किया तथा उनके पास से करीब 11 लाख का हिसाब 1310 रुपए, टीवी, मोबाइल आदि जब्त किए। आरोपी मुंबई श्रीलंका के बीच खेले जा रहे मैच पर हार-जीत का दांव लगा रहे थे। पुलिस द्वारा देर रात की गई कार्रवाई से मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जो घटना के बारे में पूछताछ करते रहे।
एएसआई यूनुस अली ने बताया कि रात करीब 10 बजे मुखबीर से सूचना मिली कि गांधीनगर स्थित एक होटल के कमरा संख्या 212 में कुछ युवक चैंपियंस लीग क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत मुंबई श्रीलंका के बीच खेले जा रहे मैच में सट्टा लगा रहे हैं। जिस पर सब इंस्पेक्टर फूलचंद के नेतृत्व में एएसआई बंशीलाल यूनुस अली जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे तथा कमरा खुलवाया तो अंदर मौजूद युवक पुलिस को देख स्तब्ध रह गए। बाद में पुलिस ने मौके से दो जनों बापूनगर निवासी रवि पुत्र मोती गिरी सिंधी शास्त्रीनगर निवासी नरेंद्र पुत्र गोविंदराम सिंधी को गिरफ्तार किया तथा उनके पास कॉपी में लिखा करीब 11 लाख का हिसाब 1310 रुपए के साथ ही एक टीवी, छह मोबाइल, दो चार्जर, एक रिमोट, हिसाब लिखने की कॉपी, पेन, केलकुलेटर आदि जब्त किया। देर रात होटल के पास पुलिस के पहुंचने से वहां मौजूद लोग माजरा नहीं समझ सके तथा घटना की जानकारी के लिए एक-दूसरे से पूछते रहे। बाद में पुलिस द्वारा होटल से दो युवकों को साथ लेकर निकलने पर वहां मौजूद लोग वास्तविकता समझ सके। पुलिस पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर रही है।