भीलवाड़ा. नगर परिषद उद्यान शाखा प्रभारी नंदकिशोर पारीक वार्ड 33 के पार्षद शिवलाल जाट श्मशान स्थल में पीली मिट्टी डलवाने को लेकर उद्यान शाखा में उलझ गए। दोनों के बीच तू-तू, मैं-मैं से गहमागहमी हो गई। पार्षद जाट द्वारा पारीक की टेबल पर हाथ पटकने से कांच टूट गया।
एकाएक हुए इस घटनाक्रम से वहां कर्मचारी ठेकेदार जमा हो गए। उन्होंने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पार्षद जाट दोपहर में उद्यान शाखा पहुंचे और उद्यान शाखा प्रभारी पारीक से बड़ी हरणी स्थित श्मशान स्थल में पीली मिट्टी डलवाने के लिए कहा। पारीक द्वारा कुछ दिनों की बात कहते ही दोनों में तू-तू, मैं-मैं शुरू हो गई।
उलझे कर्मचारी-इंजीनियर्स
विरोध स्वरूप कर्मचारियों ने शाम चार बजे मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कर्मचारी इंजीनियर्स उलझ गए। इंजीनियर्स ने आरोप लगाया कि एक महीने में पार्षदों द्वारा इंजीनियर्स के साथ अभद्रता की तीन घटनाएं हो चुकी हैं।
मंगलवार को कर्मचारी नेता के साथ घटना होने से कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारी नेताओं को इंजीनियर्स के साथ अभद्रता की जानकारी के बावजूद कोई साथ नहीं आया। इधर, कर्मचारी नेताओं का कहना था कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं थी। प्रदर्शन में हंगामे से ऊहापोह की स्थिति हो गई।
3 महीने से पीली मिट्टी डलवाने के लिए चक्कर काट रहा हूं। उद्यान प्रभारी हर बार टाल देते हैं। पार्षद की यह स्थिति है तो आम जनता का क्या होगा। -शिवलाल जाट, पार्षद, वार्ड 33
पार्षद ने टेबल का कांच तोड़ दिया। पीली मिट्टी के टेंडर हो गए लेकिन वर्क ऑर्डर नहीं हुए। वर्क ऑर्डर के बगैर कैसे मिट्टी डलवाएं। -नंदकिशोरपारीक, उद्यानशाखा प्रभारी