ग्राहक बन आया, एक लाख रुपए ले भागा
भीलवाड़ा. रोडवेज बस स्टैंड के निकट स्थित वह साइकिल स्टोर जहां से युवक एक लाख पार कर ले गया।
भीलवाड़ा. शहरके मिलन टाॅकीज रोड पर गणेश प्लाजा में बुधवार सुबह ग्राहक बनकर आया युवक गल्ले से एक लाख रुपए उड़ाकर ले गया। इसकी जानकारी दुकानदार ने आसपास के लोगों को दी तो अफरा-तफरी मच गई। बाद में भीमगंज थाने में सूचना दी गई। पुलिस ने युवक के हुलिए के आधार पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह नहीं मिला। बापूनगर निवासी अर्जुनलाल झुर्रानी की मिलन टाॅकीज रोड स्थित गणेश प्लाजा में अर्जुन साइकिल एंड ऑटो पार्ट्स की दुकान है, जहां बुधवार सुबह ब्ल्यू जैकेट पहने 25-30 वर्षीय एक युवक आया तथा झुर्रानी से साइकिल की रिंग मांगी। इस पर झुर्रानी काउंटर से उठ कर दुकान में ही बने पार्टीशन पर रिंग लेने चढ़े तब तक युवक वहां से निकल चुका था। युवक के बिना रिंग लिए निकलने पर झुर्रानी को शंका हुई। उन्होंने गल्ला खोलकर देखा तो उसमें रखे एक लाख रुपए गायब मिले। उनके होश उड़ गए तथा उन्होंने आसपास के दुकानदारों को इसकी जानकारी दी। इस पर उन्होंने युवक को ढूंढा, लेकिन उसका पता नहीं चला।
व्यापारीको देनी थी नकदी
झुर्रानीके बेटे नवीनकुमार का कहना हैं कि दिल्ली से साइकिल पार्ट्स आदि सामान देने वाली फर्म का एजेंट रुपयों के तकाजे के लिए भीलवाड़ा आया। उसे देने के लिए अर्जुनलाल सुबह घर से एक लाख रुपए लेकर दुकान पहुंचे। दुकान खोलकर उन्होंने नकदी गल्ले में रखी उसके कुछ देर बाद युवक साइकिल की रिंग खरीदने आया और नकदी पार कर ले गया। उसने दुकान पर आते ही झुर्रानी से बेटे नवीन के बारे में पूछा था कि अभी भैय्या नहीं आए।