बजट के बाद भर देंगे रिक्त पद : भदेल
भीलवाड़ा. महिलाएवं बाल विकास विभाग की राज्यमंत्री अनिता भदेल ने कहा जिले में सीडीपीओ के 12 में से नौ पद खाली हैं। इन्हें भरने के लिए बजट सत्र के तुरंत बाद डीपीसी की जाएगी। वे सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि डीपीसी से सारे रिक्त पद भर जाएंगे। कुछ पदों पर नई भर्ती भी कर रहे हैं, इसके लिए आरपीएससी को योजना दे रखी है। सीडीपीओ की कमी के संबंध में बुधवार को ही दैनिक भास्कर ने समाचार प्रकाशित किया था।
राज्यमंत्री भदेल ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों को सामुदायिक गतिविधियों का केंद्र बनना चाहती है। इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। अच्छा काम करने पर यशोदा पुरस्कार दिया जाएगा। यह योजना आठ मार्च से शुरू होगी। इसी तरह प्रोजेक्ट गरिमा के तहत सीनियर सैकंडरी स्कूलों में बालिकाओं को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विभाग के कर्मचारियों का सेटअप नहीं था। कितने ब्लॉक हैं वहां कितने कर्मचारी हैं कुछ पता नहीं था। कहीं गाड़ी है तो ड्राइवर नहीं है कहीं ड्राइवर है तो गाड़ी नहीं है। इस कारण अब कर्मचारियों का सेटअप तैयार किया है। सभी ब्लॉक में एक जैसी व्यवस्थाएं रहेंगी। हर सीडीपीओ ऑफिस में एक डाटा कलेक्शन सेंटर बनेगा। इसमें ब्लॉक कॉर्डिनेटर रहेगा और सब जानकारी ऑनलाइन रहेगी।