- Hindi News
- बाइक सवार छीन ले गए 10 हजार रुपए रखा बैग
बाइक सवार छीन ले गए 10 हजार रुपए रखा बैग
शहरमें लूट की वारदातें लगातार जारी है। बाइक सवार लुटेरे कभी लोगों के पास से नकदी रखे बैग छीन रहे हैं तो कभी महिलाओं के गले से चेन तोड़ने में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। वारदात के बाद पुलिस शहर में नाकाबंदी करा लुटेरों की तलाश भी करती है, लेकिन लुटेरे हाथ नहीं लगने से आमजन भयभीत हैं। गुरुवार देर रात भीमगंज थाना क्षेत्र में मेडिकल शॉप बंद कर मोपेड से सिंधुनगर स्थित घर जा रहे व्यवसायी का 10 हजार रुपए दुकान की चाबी रखा बैग कोतवाली सर्किल में अरबन बैंक के पास से दो बाइक सवार युवक ले भागे।
पुलिस के अनुसार सिंधुनगर निवासी श्यामलाल थावानी भीमगंज क्षेत्र में मेडिकल शॉप बंद कर रात करीब 10 बजे मोपेड से घर के लिए रवाना हुआ। जिसके कोतवाली क्षेत्र में अरबन बैंक के पास पहुंचते ही पीछे से बाइक पर आए दो युवक झपटा मार कर हाथ से बैग छीन ले भागे। बैग में करीब 10 हजार रुपए दुकान की चाबियां रखी थी। घटना के बाद थावानी ने हल्ला मचाया तो मौके पर लोग जमा हो गए। घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तथा जानकारी लेने के बाद क्षेत्र में नाकाबंदी कराई, लेकिन लुटेरों का पता नहीं चला। थावानी ने कोतवाली में मामला दर्ज कराया।