- Hindi News
- लव जेहाद के खिलाफ अभियान चलाएगी दुर्गावाहिनी
लव जेहाद के खिलाफ अभियान चलाएगी दुर्गावाहिनी
विश्व हिंदू परिषद की ओर से शनिवार को स्वर्ण जयंती महोत्सव के तहत लक्ष्मीनारायण मंदिर धर्मशाला में दुर्गा पूजा मातृ शक्ति सम्मेलन हुआ। कार्यक्रम में विहिप दुर्गावाहिनी की राष्ट्रीय संयोजक माला बहन ने कहा कि लव जेहाद कोई आज की समस्या नहीं है। विहिप ने पहले भी गुजरात में सावधान के नाम से एक अभियान चलाया था। अब इसे बेटी बचाओ अभियान के नाम से वापस शुरू किया जाएगा। समाज में नारी का अपमान बहुत होने लगा है, इसे दुर्गावाहिनी सहन नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि इसके लिए परिवार में अच्छे संस्कार देने, स्कूलों-कॉलेज आदि जगह जाकर नारी के प्रति सम्मान के भाव जगाने का प्रयास किया जाएगा। सम्मेलन को विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री सुरेश गोयल ने संबोधित करते हुए कहा कि चित्तौड़गढ़ प्रांत में संगठन की ओर से कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके तहत सामाजिक समरसता के लिए मीटिंगें होंगी। दो नवंबर को रक्तदान शिविर होगा। चार जनवरी 2015 को विराट हिंदू सम्मेलन होगा, इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। सम्मेलन में विहिप के विभाग अध्यक्ष मीठू लाल स्वर्णकार ने भी गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में दुर्गा पूजा भी की गई। इसमें दुर्गावाहिनी की नगर मातृ संयोजिका अल्का जोशी, खुशबू प्रजापत, शशि अग्रवाल, रेखा सोनी, संयोजक गणेश प्रजापत, जिला मंत्री विनीत द्विवेदी, विजय ओझा आदि उपस्थित थे।