भीलवाड़ा. काशीपुरी में माधव उद्यान के पास सोमवार शाम बाइक सवार लुटेरा बेटे के साथ मोपेड पर जा रही महिला के गले से सोने की चेन झपट ले गया। वारदात के बाद महिला चिल्लाई तब तक लुटेरा भाग निकला। महिला पति ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
कोतवाली पुलिस ने नाकाबंदी करा लुटेरे की तलाश की, लेकिन देर रात तक उसका पता नहीं चल सका। काशीपुरी निवासी राजेश जोशी ने बताया कि शाम की सब्जीमंडी से पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर उसकी पत्नी राखी बेटे अमन दाधीच के साथ मोपेड से काशीपुरी स्थित घर जा रही थी। काशीपुरी में ही माधव उद्यान के पास पीछे बाइक पर आए एक युवक ने झपटा मार राखी के गले से दो तोला की चेन छीन ली।
छीना झपटी के दौरान राखी उसका बेटा मोपेड सहित नीचे गिर पड़ा, जिसे मां ने संभाला तथा मोपेड खड़ी कर गले में देखा तो चेन गायब थी। इस पर उसने हल्ला मचाया तो मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। महिला ने पति राजेश जोशी को सूचना दी, जो मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने नाकाबंदी करा लुटेरे की तलाश की, पर उसका पता नहीं चला। 10-15 दिन पूर्व भी काशीपुरी में अपनी मां के साथ सिंधुनगर से घर लौट रही चंद्रशेखर आजादनगर की युवती के गले से दो बाइक सवार चेन तोड़ ले गए, जिनका सुराग भी नहीं लगा उससे पहले ही लूट की एक और वारदात से महिलाओं में भय का माहौल है।
नौ माह में दो दर्जन वारदात
शहर में लगातार चेन लूट की वारदातें बढ़ रही हैं। नौ माह में करीब दो दर्जन वारदातें हो चुकी हैं। अधिकांश जगह बाइक सवार लुटेरों ने शाम के समय मोपेड स्कूटी पर जाने वाली महिलाओं युवतियों को निशाना बनाया है। अधिकतर वारदातें कोतवाली, सुभाषनगर भीमगंज थाना क्षेत्रों में हुई हैं।