- Hindi News
- सफाई पर हर माह 1.25 करोड़ रुपए खर्च फिर भी शहर गंदा
सफाई पर हर माह 1.25 करोड़ रुपए खर्च फिर भी शहर गंदा
शहरकी सफाई पर हर दिन 4.16 लाख और हर महीने करीब 1.25 करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं फिर भी शहर में चारों तरफ गंदगी नजर आती है। साइकिल रिक्शा से रोजाना डोर टू डोर कचरा उठाने की बात तो दूर कई जगह कचरा स्टैंड से भी रोजाना कचरा नहीं उठाया जाता जिससे शहर में मच्छरों ने आतंक मचा रखा है।
सफाई कर्मचारियों को कचरा दूर नहीं ले जाना पड़े इसलिए उन्होंने आवासीय कॉलोनियों में खाली प्लॉटों को ही कचरा स्टैंड बना दिए। इस कारण शहर की हर आवासीय कॉलोनियों के खाली प्लॉट कचरे से अटे पड़े हैं। मोटी राशि खर्च होने के बावजूद शहर में नियमित सफाई नहीं होने से सवाल उठता है कि आखिर जनता का पैसा कहां जा रहा है।
फैक्ट
50वार्ड हैं शहर में
940 सफाई कर्मचारी
19 औसत हर वार्ड में
1.15 सफाई कर्मचारियों की तनख्वाह
10 करोड़ संसाधन अन्य खर्च
120 टन कचरा रोजाना इकट्ठा होता है।
अभियान का असर नहीं
प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान में परिषद ने शहर में सफाई का विशेष सफाई अभियान चलाया था। इसमें अतिरिक्त झाड़ू अन्य सामान खरीदे, कचरा परिवहन के लिए अतिरिक्त ट्रैक्टर और अतिरिक्त सफाई कर्मचारी भी लगाए लेकिन अभियान का असर कहीं भी नजर नहीं आया। अब सोमवार से परिषद स्वच्छ राजस्थान अभियान चल रहा है।
फैल रहीं बीमारियां
कचरास्टैंड से कचरा समय पर नहीं उठाने और खाली प्लॉटों में कचरा होने के कारण जगह-जगह मच्छर पैदा हो रहे हैं। मच्छरों के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। कचरा उठाने की जिम्मेदारी परिषद की है इसलिए समय पर कचरा नहीं उठाने से गंदगी के कारण हो रही बीमारियों के लिए भी लोग नगर परिषद को ही जिम्मेदार बता रहे हैं।
कहीं भी डाल देते हैं कचरा
नियमानुसारशहर से इकट्ठा होने वाला कचरा ट्रेंचिंग ग्राउंड में डाला जाना चाहिए लेकिन कचरा परिवहन करने वाले कर्मचारी शहर के आसपास सड़क किनारे खाली जगह देखकर कहीं भी कचरा खाली कर देते हैं। पटेलनगर, पटेलनगर विस्तार, द्वारिका कॉलोनी, कपास मंडी, तिलकनगर, हरणी महादेव रोड, चंद्रशेखर आजाद नगर, रिंग रोड, पुर रोड, अजमेर, चित्तौड़ कोटा रोड के किनारे कई जगह कचरा खाली किया हुआ पड़ा है।
भीलवाड़ा. कुंभासर्किल रोड पर फैला कचरा।
भीलवाड़ा. आजादनगरमें फैला कचरा।